खरड़ में प्रचार के लिए पहुंचे थे केजरीवाल, आचार संहिता के उल्लंघन पर आप को नोटिस
खरड़ विधानसभा हलके में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर आम आदमी पार्टी को नोटिस जारी किया गया है। यहां पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहुंचे थे।
जासं, मोहाली : खरड़ विधानसभा हलके में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर आम आदमी पार्टी को नोटिस जारी किया गया है। यहां पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहुंचे थे। रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) कम एसडीएम अभिकेश गुप्ता की ओर से पार्टी के जिला प्रधान को नोटिस भेजा गया है। इसके जरिये 24 घंटे में लिखित जवाब मांगा गया है। नोटिस में आरओ के समक्ष पेश होने को भी कहा गया है।
अभिकेश कुमार ने बताया कि आम आदमी पार्टी के खिलाफ शिकायत मिली थी कि डोर टू डोर चुनाव प्रचार और बैठकों में पांच से अधिक लोग शामिल हो रहे हैं। बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल, पार्टी के पंजाब प्रधान भगवंत मान और खरड़ से आप उम्मीदवार अनमोल गगन मान के साथ घर-घर जाकर लोगों से मिले। इस दौरान देखा गया कि इस प्रचार के दौरान पांच से ज्यादा लोग मुख्यमंत्री के साथ थे। वहीं प्रचार के दौरान केजरीवाल ने पार्टी की योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत करवाया। लोगों की समस्याएं सुनीं। गांव खानपुर में लोगों ने जगह-जगह किया केजरीवाल का स्वागत
खरड़ के गांव खानपुर में लोगों ने जगह जगह उनका स्वागत किया। इस दौरान केजरीवाल ने खुद लोगों को पार्टी की योजनाओं और गारंटियों से संबंधित पर्चे बांटे और पंजाब को फिर से खुशहाल और समृद्ध बनाने के दावे किए। साथ ही राज्य में अमन-शांति व भाईचारा कायम करने के लिए आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार के चुनाव में पंजाब में आम आदमी पार्टी ही सरकार बनाने के लिए सबसे बेहतर विकल्प है।