चंडीगढ़ में नहीं लगेगा Weekend Lockdwon, शराब के ठेके और सैलून खुले रहेंगे
शहर की भीड़ भरी मार्केट में लागू किया गया ऑड-इवन जारी रहेगा। शुक्रवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनोर की अध्यक्षता में हुई वार रूम की मीटिंग में ये निर्णय लिया गया।
चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में अब वीकेंड लॉकडाउन नहीं लगेगा। यहीं नहीं शनिवार और रविवार को शराब के ठेके तथा सैलून भी खुले रहेंगे। हालांकि शहर की भीड़ वाली मार्केट में लागू किया गया ऑड इवन जारी रहेगा। शुक्रवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनोर की अध्यक्षता में हुई वार रूम की मीटिंग में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शहर के व्यापारियों द्वारा वीकेंड लॉक डाउन का विरोध किया जा रहा था। व्यापार संगठनों का कहना था कि कोरोना के कारण उनका भारी नुकसान हुआ है। वैसे में वीकेंड पर दुकानें बंद करने से उन्हें दोहरी मार पड़ रही है। ऐसे में प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन खत्म करने का निर्णय लिया है।
चंडीगढ़ में अदालतें शनिवार को रहेंगी बंद
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में वीकेंड लॉकडाउन लगाए जाने के चलते पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने दोनों राज्यों और केन्द्र शासित चंडीगढ़ में सभी अधीनस्थ अदालतों को शनिवार को बंद रखे जाने के आदेश दिए हैं। शनिवार को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट भी बंद रहेगी और इसके कर्मचारियों और अधिकारियों को घर से ही काम करने को कहा गया है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी किए गए आदेशों के अनुसार, हाई कोर्ट में एक सितंबर से 30 सितंबर के बीच लगने वाले सभी पहले से विचाराधीन मामलों की सुनवाई अब दो दिसंबर से 11 जनवरी के बीच होगी।
ट्राईसिटी में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामले
बता दें कि ट्राईसिटी में कोरोना के मामलों के तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। वीरवार को चंडीगढ़ में रिकॉर्ड 188 नए केस आए और दो लोगों की मौत हुई। पंचकूला में दो मौतों के अलावा 121 नए केस मिले। मोहाली में 128 केस आए, एक की जान गई। कुल 437 केस आए और पांच लोग मरे। चंडीगढ़ में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में बीते रोज सेक्टर-46 के 75 साल के बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई। बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट 24 अगस्त को पॉजिटिव आई थी।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें