नवजोत सिंह सिद्धू ने जगतार सिद्धू और सुरिंदर डल्ला को बनाया मीडिया एडवाइजर
पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) ने चार सलाहकार नियुक्त करने के बाद अब अपने दो मीडिया सलाहकारों की भी नियुक्ति कर डाली है। उन्होंने जगतार सिंह सिद्धू और सुरिंदर डल्ला को अपना मीडिया एडवाइजर बनाया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने चार सलाहकार नियुक्त करने के बाद अब अपने दो मीडिया सलाहकारों की भी नियुक्ति कर डाली है। उन्होंने जगतार सिंह सिद्धू और सुरिंदर डल्ला को अपना मीडिया एडवाइजर बनाया है। इस संबंध में उनकी ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है।
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू ने पिछले काफी समय से मीडिया से दूरी बना रखी है। पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार से 2019 में इस्तीफा देने के बाद एक-दो अवसरों को छोड़कर की सिद्धू ने कभी मीडिया से बात नहीं की। अब तक वह ट्वीट करके अपनी बात रखते रहे हैं। समझा जाता है कि अब पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के बाद उनके लिए मीडिया से दूरी बनाकर चलना संभव नहीं था। इसी कारण उन्होंने मीडिया के साथ समन्वय के लिए अपने मीडिया सलाहकार नियुक्त किए हैं।
इससे पहले नवजोत सिद्धू ने अपने चार सलाहकार नियुक्त किए थे। सिद्धू ने डा. अमर सिंह , मालविंदर सिंह माली , डा. प्यारा लाल गर्ग और मोहम्मद मुस्तफा को अपने सलाहकार बनाए थे। मोहम्मद मुस्तफा ने सिद्धू का सलाहकार बनने से इन्कार कर दिया था।
इसके साथ ही नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली के सोशल मीडिया पर कश्मीर के बारे में विवादित पोस्ट से पंजाब की सियासत में हड़कंप मच गया है। भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मालविंदर माली के साथ नवजाेत सिंह सिद्धू पर भी निशाना साधा है। भाजपा और शिअद ने सिद्धू से पूरे मामले में सफाई मांगी है।
शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मालविंदर माली के बयान को देशविराेधी करार देते हुए उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की है। भाजपा ने भी मालविंदर के बयान के लिए नवजोत सिंह सिद्धू से जवाब मांगा है। भाजपा ने माली के बयान को देशविरोधी बताते हुए सिद्धू और कांग्रेस पर भी निशाना साधा है।