स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कुराली के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों का कुशलक्षेम पूछा।
संवाद सहयोगी, कुराली : पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कुराली के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों का कुशलक्षेम पूछा। वहीं, अस्पताल में लोगों को प्रदान की जा रही मेडिकल सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल को अपग्रेड करवाने की मांग को लेकर 21 दिनों से धरने पर बैठे मार्शल ग्रुप के सदस्यों ने रोषस्वरूप हेल्थ मिनिस्टर के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
21 दिनों से जारी है बेमियादी धरना
चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को अपग्रेड करवाकर लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर 21 दिनों से अस्पताल के बाहर रंजीत सिंह काका मार्शल की अगुआई में अन्य सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, धरना-प्रदर्शन आरंभ होने के कुछ दिन पश्चात स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में चार डॉक्टर्स की अस्थायी ड्यूटी लगाई गई। मार्शल ग्रुप ने अस्पताल को अपग्रेड करवाने तथा माहिर डॉक्टर्स की पक्के तौर पर नियुक्ति के लिए धरना जारी रखा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया औचक निरीक्षण
सोमवार सुबह स्वास्थ्य मंत्री एवं कैबिनेट मिनिस्टर बलबीर सिंह सिद्धू शहर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। अस्पताल में मौजूद हेल्थ डायरेक्टर जीडी सिंह तथा मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर सहित सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. बरिदर कौर से मुलाकात कर मंत्री ने बातचीत की। सिद्धू ने कहा कि सेंटर में माहिर डॉक्टर्स की नियुक्ति पक्के तौर पर कर दी गई है और जो सीट अभी भी रिक्त है वहां भी जल्द डॉक्टर्स नियुक्ति कर दिए जाएंगे। इस दौरान सांकेतिक शब्दों में कहा कि अस्पताल में सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव कोशिश जारी है, पर अस्पताल को अपग्रेडेशन का दर्जा प्रदान करना संभव नहीं है।
धरने पर बैठे मार्शल ग्रुप ने लगाए मुर्दाबाद के नारे
कम्युनिटी अस्पताल में विजिट के बाद धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों से बिना मिले वापस लौटने पर रोष में आए मार्शल ग्रुप के सदस्यों ने बलबीर सिंह सिद्धू मुर्दाबाद के नारे लगाए। अपग्रेड करवाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे रंजीत सिंह काका मार्शल से बिना मिले ही स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू लौट गए।
अपग्रेड करवाकर रेफरल प्वाइंट का टैग हटाना ही मकसद
रंजीत सिंह काका की अगुआई में धरने पर बैठे मार्शल ग्रुप के मेंबर्स का कहना है कि कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में डॉक्टर्स की अस्थायी नियुक्ति सिर्फ गुमराह करने के लिए है। काका मार्शल ने कहा कि कम्युनिटी हेल्थ सेंटर को अपग्रेड कर लोगों को 24 घंटे आधुनिक मेडिकल सुविधाएं प्रदान करवाना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि 26 मार्च को ट्रैफिक लाइट्स चौक पर मार्शल ग्रुप स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू का पुतला फूंककर प्रदर्शन करेगा। जब तक मांगें नहीं मानी जाती धरना जारी रहेगा।