चंडीगढ़ में सांसद मनोज तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी दिलीप के समर्थन में की जनसभा, बोले- कांग्रेस व आप देश तोड़ने वालों के साथ
चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 3 से भाजपा प्रत्याशी दिलीप शर्मा के समर्थन में सांसद और भोजपुरी लोक गायक मनोज तिवारी जनसभा करने आए। जनसभा में उन्होंने कांग्रेस व आप आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
चंडीगढ़ [वैभव शर्मा]। नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 3 से भाजपा प्रत्याशी दिलीप शर्मा के समर्थन में जनसभा करने के लिए आए सांसद और भोजपुरी लोक गायक मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सेक्टर 26 स्थित बापू धाम कॉलोनी में जनसभा को संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। दोनों ही पार्टी देश को तोड़ने वालों के साथ खड़ी है। आज कांग्रेस पार्टी की ओर से कांग्रेसी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार करने के लिए कन्हैया कुमार शहर में आ रहे हैं। वहीं सांसद तिवारी ने कन्हैया कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही कन्हैया कुमार है जिसने जेएनयू में देश को तोड़ने के नारे लगाए थे और आज कांग्रेस ने ही उसे अपना नेता बना लिया। इसी कन्हैया कुमार के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेएनयू में उनके समर्थन के लिए आए थे। ऐसे में यह दोनों ही पार्टी के नेता लोगों के साथ केवल धोखा कर रहे हैं।
देश की सेना को बलात्कारी बताने वाला कांग्रेस का नेता
तिवारी ने कहा कि कन्हैया कुमार ने सेना के जवानों को बलात्कारी बताया था और कांग्रेस उसे ही अपने चुनाव प्रचार में उतार रही हैं। इससे कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है कि वह केवल देशद्रोहियों के साथ है। उन्होंने कहा कि कन्हैया कुमार सिर्फ देश को तोड़ना जानते हैं जोड़ना नहीं।
पंजाब और दिल्ली को गंदा कर केजरीवाल चंडीगढ़ में करना चाह रहे हैं एंट्री
सांसद तिवारी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि अपने मेनिफेस्टो में आप पार्टी ने चंडीगढ़ को प्रदूषण मुक्त करने की बात कही है। उन्होंने केजरीवाल से सवाल किया कि इतने वर्षों से वे दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने दिल्ली को कितना स्वच्छ बनाया है पहले उसका जवाब दें। चंडीगढ़ के मुकाबले दिल्ली की हवा ज्यादा जहरीली है और आम आदमी पार्टी पंजाब और दिल्ली में यह जहर घोलने के बाद अब चंडीगढ़ को भी जहरीला करने आ रही है। उन्होंने लोगों से अपील करी की इन दोनों ही पार्टियों को इस चुनाव में आईना दिखाया जाए।
गाना नहीं सुनाया तो लोग कहेंगे नकली मनोज तिवारी आया है
जनसभा को संबोधित करते हुए वहां पर उपस्थित जनता ने मनोज तिवारी से कहा कि वह पहले गाना सुनाएं। इस बात पर मनोज तिवारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह जरूर जनता को गाना सुनाएंगे वरना जनता कहेगी कि नकली मनोज तिवारी आया है जो गाना नहीं सुना रहा।
सांसद ने किया उम्मीदवार से आग्रह जीतने के बाद जरूर बुलाई चंडीगढ़
मनोज तिवारी ने कहा कि वह गायक है एक कलाकार हैं और इसी के माध्यम से अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं। लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता ना तो कोई काम करते हैं उसके बावजूद उनके पास अरबों खरबों की संपत्ति है वह कहां से आई। तिवारी ने उम्मीदवार दिलीप शर्मा से आग्रह किया कि जीतने के बाद वह उन्हें दोबारा चंडीगढ़ बुलाएं और इस दौरान एक कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें प्रतिभाशाली बच्चे हिस्सा लेंगे और उन बच्चों को स्किल डेवलपमेंट के तहत आगे आने का मौका दिया जाएगा।
उम्मीदवार दिलीप ने गिनाई अपनी उपलब्धियां
जनता को संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवार दिलीप शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान बापूधाम में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले 45 साल से बापूधाम में काम नहीं हुए वह उन्होंने पिछले 5 साल में करके दिखाएं हैं। इसके अलावा उन्होंने बापूधाम में कार पार्किंग की समस्या को लेकर कहा कि वह जल्द ही यहां पर पार्किंग प्वाइंट बनवाने वाले हैं।