कारोबार के सिलसिले में मुंबई से आए स्क्रैप डीलर की होटल के कमरे में मौत
मुंबई निवासी सुल्तान (46) अपने दो अन्य साथियों के साथ किसी स्क्रैप डील के लिए एक जून को मोहाली आया था।
मोहाली, जेएनएन। कारोबार के सिलसिले में मुंबई से यहां पहुंचे एक स्क्रैप डीलर की होटल के कमरे में मौत हो गई। उसकी पहचान मुंबई निवासी सुल्तान (46) के रूप में हुई है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ किसी स्क्रैप डील के लिए एक जून को मोहाली आया था। सुल्तान ने अपने साथियों सहित बलौंगी स्थित होटल हाईवे ग्रीन में कमरा ले रखा था। शनिवार शाम अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। ऐसे में उसने अपने साथियों से कमरे में ही आराम करने की बात कही। लेकिन जब साथी रात के समय उसे उठाने गए तो देखा कि उसकी मौत हो चुकी है।
सुल्तान के साथियों ने होटल मैनेजर पृथ्वी सिंह चौहान को मामले की जानकारी दी। इसके बाद सुल्तान को सिविल अस्पताल फेज-6 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। बलौंगी पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। सुल्तान के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मुंबई से सुल्तान के स्वजन डेड बॉडी लेने आ रहे हैं।
उधर, पुलिस ने मामले में होटल मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पंजाब सरकार ने सोमवार से पूरे पंजाब में होटलों खोलने का निर्णय लिया है। हालांकि कोरोना संकट के कारण इससे पहले तक सभी होटलों को बंद रखने का निर्देश था। फिर भी हाईवे ग्रीन होटल में स्क्रैप डीलर और उसके साथियों के लिए कमरा बुक किया गया था। बताया जाता है कि इस होटल को पृथ्वी ¨सह चौहान ने लीज पर ले रखा है।