Mohali Nagar Nigam Result 2021: पंजाब सेहत मंत्री के भाई अमरजीत सिंह जीती मोहाली मेयर के प्रबल दावेदार
मोहाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने 50 में से 37 सीटें जीती हैं। ऐसे में वार्ड नबंर 10 से जीत दर्ज करने वाले कांग्रेस प्रत्याशी और पंजाब के सेहत मंत्री के भाई अमरजीत सिंह जीती को मोहाली के नए मेयर का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
मोहाली [रोहित कुमार]। Mohali Nagar Nigam Result 2021 मोहाली नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने एकतरफा जीत हासिल की है। कांग्रेस ने 50 में से 37 सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि आजाद ग्रुप ने 11 और दो आजाद उम्मीदवारों को जीत मिली है। कांग्रेस की जीत के बाद पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्धू का मेयर बनना लगभग तय है। हालांकि सिद्धू ने कहा कि मेयर का फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा तय किया जाएगा।
चुनाव नतीजों में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपना खाता भी नहीं खोल पाई। आम आदमी पार्टी आजाद ग्रुप के साथ गठबंधन से चुनाव मैदान में थी। शिअद की हार कारण आजाद ग्रुप रहा। क्योंकि आजाद ग्रुप ने जो उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे वे सभी शिअद से अलग होकर आजाद ग्रुप में शामिल हो गए थे। वहीं कृषि सुधार कानूनों के विरोध का साफ साफ असर भाजपा उम्मीदवारों पर पड़ा। भाजपा के जो उम्मीदवार जीत के प्रबल दावेदार थे वे भी जीत नहीं सके। कृषि सुधार विरोध कानून के चलते शिअद और भाजपा ने अपने रास्ते अलग कर लिए थे। ये पहला मौका था कि दोनों पार्टियों ने अलग अलग लड़ा।
स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुद्वारा सिंह शहीदां में टेका माथा
चुनाव में भाई की जीत की खबर मिलने के बाद सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू गुरुद्वारा सिंह शहीदां में पहुंचे। जहां दोनों भाइयों ने परिवार के सदस्यों के साथ माथा टेका। सिद्धू व जीती दोनों अपने समर्थकों से घिरे रहे। बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि ये जीत मोहाली के लोगों की जीत है। ये कांग्रेस की ओर से किया गया विकास है। जिस से खुश होकर जनता ने झोली में इस जीत को डाला है। मोहाली को कांग्रेस और ऊंची बुलंदियों तक लेकर जाएगी। मेयर पद किस को मिलेगा ये फैसला पार्टी हाईकमान करेगी।
शहर का विकास प्राथमिकता
वार्ड नंबर 10 से कांग्रेस पार्टी के नए पार्षद और स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि मैं मोहाली की जनता का शुक्रिया अदा करता हूं। लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है इस पर मैं खरा उतरने की पूरी कोशिश कंरूगा। शहर और अपने वार्ड का ज्यादा से ज्यादा विकास हो इसको लेकर काम कंरूगा।