मोहाली में 24 घंटे में दूसरा कत्ल, शराब के नशे में चचेरे भाई को गंडासी मारकर मौत के घाट उतारा
मोहाली के गांव कंबाला में एक शख्स ने अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी। दोनों के साथ बैठकर एक शादी में शराब पी और घर लौटते वक्त दोनों में किसी बात पर झगड़ा हो गया। इस दौरान आरोपित लखविंदर ने अपने चचेरे भाई गुरविंदर की हत्या कर दी
मोहाली, जेएनएन। जिले में 24 घंटे में कत्ल की दूसरी वारदात सामने आई है। गांव कंबाला में देर रात एक युवक ने शराब के नशे में अपने चचेरे भाई का गंडासी मारकर कत्ल कर दिया। मृतक की पहचान गुरविंदर सिंह बैदवान (32) के रुप में हुई है। जबकि कत्ल के आरोपित की पहचान लखविंदर के रुप में हुई है।
आरोपित लखविंदर जोकि गुरविंदर के ताये का लड़का बताया जा रहा है। गंडासे से हुए हमले के बाद घायल गुरविंदर को सोहाना अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। इससे पहले चंडीगढ़ सेक्टर-23 में जहां गोल्ड टेस्टिंग लैब शॉप में लूट की नाकाम कोशिश के आरोपित जसप्रीत सिंह का बुधवार देर शाम लांडरा रोड पर गांव नानूमाजरा के पास सिर में दो गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया था
गांव कंबाला में कत्ल के मामले में सोहाना थाने के एसएचओ ने हमलावर को गिरफ्तार करने का दावा कर दिया, लेकिन असल में वीरवार सुबह हमलावर लखविंदर ने खुद जाकर सोहाना थाने में सरेंडर किया था। पुलिस ने इस मामले में लखविंदर के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं वीरवार सुबह मृतक गुरविंदर सिंह का फेज-6 सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा लाश संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दी है।
शादी में दोनों ने पी शराब, घर आते समय रास्ते में हुई कहा सुनी
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गुरविंदर के घर से 100 मीटर दूर गांव कंबाला में पड़ोसी की शादी थी। दोनों ने वहां शराब पी। जब वह रात को वापस आ रहे थे, तो दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। लखविंदर घर से गंडासी लेकर आया और गुरविंदर की गर्दन पर वार कर दिया। जिस कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गंडासी भी बरामद कर ली है।
दोनों भाइयों का उजड़ गया परिवार
इस घटना में मृतक व आरोपित दोनों भाइयों के परिवार उजड़ गए। दोनों भाइयों के पिता की भी मौत हो चुकी है। गुरविंदर का 5 साल का लड़का व 7 साल की लड़की है जबकि हमलावर लखविंदर का एक महीने का लड़का व 5 साल की लड़की है।
30 तारीख को किसान धरने से गुरविंदर आया था वापस
दोनों भाई का खेतीबाड़ी व दूध सप्लाई का काम है। दोनों ही किसान फैमिली से हैं। गुरविंदर के पड़ोसी हरजीत ने बताया कि गुरविंदर किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली गया था और 30 नवंबर को ही वहां से वापस आया था।