गांधी भवन के सामने तैयार किया महात्मा गांधी का पोट्रेट
महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ पर एक अनोखी वर्कशॉप रखी गई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : महात्मा गांधी की 150वीं वर्षगांठ पर एक अनोखी वर्कशॉप रखी गई। जिसमें पंजाब यूनिवर्सिटी के गांधी भवन के सामने ही उनके पोट्रेट को तैयार किया गया। गवर्नमेंट आर्ट कॉलेज-10 के 10 स्टूडेंट्स ने अपने अपने अंदाज में महात्मा गांधी को पेंट किया। चंडीगढ़ ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित इस इवेंट पर बोलते हुए अकादमी के अध्यक्ष भीम मल्होत्रा ने कहा कि हमारा उद्देश्य गांधी भवन के सामने प्रेरणा लेकर महात्मा गांधी पर ही कुछ बनाने का था। इसमें युवा कलाकारों को लिया गया, जो अपनी युवा सोच से गांधी से जुड़े अपने विचार कैनवास पर प्रस्तुत करते। ये पहली बार है कि गांधी भवन के सामने ही महात्मा गांधी पर आधारित पेंटिग की जा रही है, ये अपने आप में ही एक खूबसूरत कॉम्बीनेशन है। अलग अलग विचारों में दर्शाया गांधी को
जीसीए -10 के एमए के स्टूडेंट शिवम सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने आर्ट वर्क में महात्मा गांधी के विचारों को उकेरा है। इसमें एक तरफ तीन रंगों में महात्मा गांधी का चित्र, तो दूसरी और उनके तीन बंदर, उनेक चश्मे में शांति का संदेश और अहिसा का खोता संदेश दिखाया गया है। इसी तरह रितु ने गांधी के तीन बंदरों को अपने अंदाज में पेश किया। जो एक दूसरे की मदद बुरा न देखो, न सुनो और न बोलो के लिए कर रहे हैं। रितु ने कहा कि गांधी के तीन बंदरों को एक ही तरह से हमेशा दिखाया गया है, ऐसे में मैं इसे एक अलग अंदाज में प्रस्तुत कर रही हूं। विजय ने अपने आर्ट वर्क में चरखा और रंगों को लेकर काम किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा चरखा चलाया, साथ ही सबको एक साथ रहने का संदेश दिया। ऐसे में कई रंगों को एक साथ लाना मेरे लिए एकता का प्रतीक रहा। वर्कशॉप में अनीता कौर, अभिषेक तिवारी, दीपक, निखिल, परमवीर सिंह, जैसमीन और रमनीत ने भी अपने आर्ट वर्क में महात्मा गांधी के विचारों को खूबसूरती से पेंट किया।