Weather Update : मौसम ने फिर ली करवट,झमाझम बारिश से तापमान आठ डिग्री तक गिरा
तेज धूप और गर्मी से शहरवासियों को मंगलवार और बुधवार हुई बारिश से राहत मिली। अप्रैल के महीने में मौसम का यह मिजाज अलग ही देखने को मिल रहा है।
जेएनएन, चंडीगढ़ : तेज धूप और गर्मी से शहरवासियों को मंगलवार और बुधवार हुई बारिश से राहत मिली। अप्रैल के महीने में मौसम का यह मिजाज अलग ही देखने को मिल रहा है। इस महीने में लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास हुआ। बुधवार को सुबह शुरू हुई बारिश दोपहर को तो रूक गई, लेकिन रात आठ बजे मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली और खूब झमाझम बारिश हुई। रात आठ बजे बारिश शुरू होने से पहले बादल की गरजना शुरू हुए और तेज हवा ने आंधी का रूप ले लिया। इसके बाद लगातार बारिश होती रही। बारिश की वजह से लोग काफी परेशान भी हुए। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि वीरवार सुबह हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन दोपहर तक धूप निकल आएगी। बुधवार को मौसम के करवट लेने के साथ तेज बारिश हुई। बारिश होने की वजह से तापमान आठ डिग्री तक गिर गया। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री जो सामान्य से आठ डिग्री कम रहा। और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री दज किया गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, शहर में बुधवार को 4.2 एमएम बारिश और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 5.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अभी आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना कम है।
वीरवार को आसमान में बादल छाए रह सकते है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लेकिन शुक्रवार और शनिवार को आसमान साफ रहेगा और तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। फसलों को भारी नुकसान खेतों में इस समय किसानों की फसलें पककर तैयार है। लेकिन ऐसे में बारिश होने की वजह से फसलें खराब हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, गेंहू और आम की फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
मौसम यह परिवर्तन पश्चिम विक्षोभ के चलते देखने को मिल रहा है। वीरवार सुबह भी हल्की बारिश हो सकती है। लेकिन आने वाले दिनों में मौसम ठीक रहेगा और तापमान बढ़ सकता है। 21 अप्रैल के बाद फिर हल्की बारिश हो सकती है। सुरिंद्र पाल सिंह, निदेशक, मौसम विभाग, चंडीगढ़।