Live Chandigarh Coronavirus News update : शहर में कोरोना के दो नए केस, मौलीजागरां की युवती व Sector-22 में महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव
Live Chandigarh Coronavirus News updateशहर में शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 24 कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 24 कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद रविवार को शहर में कोरोना वायरस के मामले कम हुए हैं। जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट में केवल दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। नए मरीजों में सेक्टर-22 की 45 साल की महिला और मौलीजागरां की 25 साल की युवती शामिल है। इसी के साथ शहर में संक्रमण के कुल मामले 406 हो गए हैं, जिनमें से 84 अभी एक्टिव हैं।
इससे पहले शनिवार को 24 कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। मौलीजागरां में 14, बापूधाम कॉलोनी में एक, सेक्टर-38 में एक और सेक्टर-24 में एक ही परिवार के सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शहर में अभी तक 404 लोगों में पुष्टि हो चुकी है। जबकि 82 एक्टिव मरीज हैं। शनिवार सुबह सेक्टर-26, बापूधाम कॉलोनी की 20 साल की गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इस महिला की गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच-16) में डिलीवरी हुई। महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बच्ची को फिलहाल डॉक्टरों ने अपनी निगरानी में रखा है। एक हफ्ते बाद बच्ची के सैंपल लेकर टेस्टिंग के लिए भेजे जाएंगे। वहीं, महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
एक ही परिवार के सात लोग पॉजिटिव
जीएमएसएच-16 अस्पताल की 34 साल की सफाई कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह महिला बीते वीरवार तक जीएमएसएच-16 में ड्यूटी पर थी और बाकी कर्मचारियों के संपर्क में थी। जीएमएसएच-16 में स्टाफ पर कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
कर्मचारी सेक्टर-24 की रहने वाली है। महिला के परिवार के बाकी छह सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें छह माह का बच्चा, 38 साल का पुरुष, छह साल की बच्ची, 10 साल की बच्ची, 12 साल की बच्ची और 57 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इस परिवार का एक सदस्य पहले पॉजिटिव पाया गया था। जिसके चलते परिवार के जब बाकी सदस्यों का कोरोना टेस्ट हुआ था। इन सभी लोगों को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट कर दिया गया है।
मौलीजागरां में एक ही परिवार के 12 पॉजिटिव
मौलीजागरां में शनिवार को एक साथ 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 12 लोग एक ही परिवार के हैं। जबकि बाकी दो लोग कम्युनिटी कांटेक्ट के चलते पॉजिटिव पाए गए। परिवार में 18 साल का युवक, 32 साल की महिला, नौ साल की बच्ची, 32 साल की महिला, 12 साल की बच्ची, पांच साल की बच्ची, 30 साल की महिला, दो नौ साल के बच्चे, सात साल की बच्ची, 40 साल की महिला और 40 साल का पुरुष कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कम्युनिटी कांटेक्ट में 24 साल का युवक और 35 साल का एक शख्स पॉजिटिव पाया गया है।
सेक्टर-38 की तीन साल की बच्ची पॉजिटिव
शनिवार को सेक्टर-38 में तीन साल की एक बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई। यह बच्ची अपने परिवार के बाकी कोरोना पॉजिटिव सदस्यों के संपर्क में थी। जिसके चलते संक्रमित हुई। सेक्टर-21 की 57 साल की महिला को शनिवार को डिस्चार्ज किया गया। शहर में अभी तक 316 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है।