चंडीगढ़ में हल्की बारिश से हवा साफ, एक्यूआइ पहुंचा 100, हरियाणा और पंजाब की स्थिति भी सुधरी
चंडीगढ़ में शनिवार शाम को हुई हल्की बारिश से शहर का पॉल्यूशन लेवल में सुधार आया है। रविवार को चंडीगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 105 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। जो पिछले सप्ताह 150 को भी पार कर गया था।
चंडीगढ़, जेएनएन। शनिवार शाम को हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम ने अलग तरह की करवट ले ली है। बादल छाने के साथ ही ठंड काफी बढ़ गई है। हालांकि इस बूंदाबांदी ने सबसे बड़ी राहत यह दी है कि हवा अब काफी हद तक पहले से स्वच्छ हो गई है। प्रदूषण का स्तर कम हो गया है।
बरसात की बूंदों के साथ ही हवा में तैर रहे पर्टिक्यूलेट मैटर जमीन पर बैठ गए हैं। रविवार को चंडीगढ़ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 105 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। जो पिछले सप्ताह 150 को भी पार कर गया था। इसका 200 तक पहुंचना खराब स्थिति को दर्शाता है। लेकिन अब बरसात से यह लगातार नीचे आ रहा है। सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं आस-पास के शहरों की हवा भी अब काफी हद तक साफ हो रही है। पंचकूला का एक्यूआइ 141 दर्ज किया गया। जबकि पिछले सप्ताह पंचकूला का एक्यूआइ 200 से 300 के बीच पहुंच गया था।
पंजाब और हरियाणा के शहरों का हाल
बात पंजाब के शहरों की करें तो यहां भी प्रदूषण का स्तर काफी हद तक कम हो चुका है। लुधियाना का एक्यूआइ 132, जालंधर का 143 दर्ज किया गया। वहीं बात अगर हरियाणा की करें तो अंबाला का एक्यूआइ 141 दर्ज किया गया। जबकि पिछले सप्ताह यह 200 से अधिक था। इसी तरह से करनाल का 161 दर्ज किया गया।
दिल्ली एनसीआर चपेट में
दिल्ली एनसीआर में अभी भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है। रविवार को दिल्ली का एक्यूआइ 294 दर्ज किया गया। वहीं नोएडा का 350 और गुरुग्राम का 283 दर्ज किया गया। आस-पास के अधिकतर शहरों में एक्यूआइ 300 के पार ही है। जो अभी भी बेहद खराब स्थिति है।
बरसात हुई तो और साफ होगा वातावरण
रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। कोहरे और बादलों की वजह से अंधेरे जैसा प्रतीत होने लगा। मौसम विभाग बरसात होने की संभावना पहले ही जता चुका है। बरसात और होने पर वातावरण एकदम साफ हो जाएगा।