बार-बार नियम तोड़ने वाले डिस्कोथेक का लाइसेंस होगा रद, एसएसपी ने डीसी को लिखा पत्र Chandigarh News
प्रशासन की ओर से तय गाइडलाइन को डिस्कोथेक मालिकों की ओर से नहीं माना जा रहा है। वहीं जीरकपुर में सबसे ज्यादा नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
मोहाली, जेएनएन। जीरकपुर में बार-बार नियम तोड़ने वाले डिस्कोथेक के लाइसेंस रद हो सकते हैं। मोहाली के एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने डीसी गिरिश दयालन को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने जिले में चल रहे डिस्कोथेक के लाइसेंस कैंसिल करने की मांग की है, ताकि आपराधिक वारदात पर शिकंजा कसा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर शनिवार व रविवार रात को लगातार झगड़े हो रहे हैं।
प्रशासन की ओर से तय गाइडलाइन को डिस्कोथेक मालिकों की ओर से नहीं माना जा रहा है। वहीं जीरकपुर में सबसे ज्यादा इसका उल्लंघन हो रहा है। एक कारण ये भी है कि जीरकपुर में पुलिस कर्मियों की कमी है। जिसके चलते डिस्कोथेक पर कंट्रोल करना मुश्किल हो रहा है। क्योंकि कई लोगों ने बिना लाइसेंस के डिस्को खोल रखे हैं।
हालांकि पुलिस की ओर से समय समय-समय पर इन डिस्कोथेक के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। जीरकपुर के डिस्कोथेक के मालिक नियमों का उल्लंघन करके देर रात तक नाइट पार्टियों का आयोजन करके लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं। इतना ही नहीं, अब पार्टियों में नशा भी चल रहा है। काफी समय से इसकी शिकायतें आ रही थी।
एक डिस्कोथेक मालिक को किया जा चुका है काबू
हाल ही में इस मामले में एक डिस्कोथेक मालिक के ड्राइवर को नशे की खेप ले जाते काबू किया गया था। उसने पूछताछ में माना था कि वह दिल्ली से नशे की खेप लाकर नाइट पार्टियों में महंगे दामों पर सप्लाई करता था। इसके अलावा हाल ही में तय समय के बाद भी देर रात तक जीरकपुर में डिस्कोथेक खुलने के मामले में चार डिस्को प्रबंधकों पर केस दर्ज किए गए हैं।
गोली लगने से पुलिस कर्मी की हुई थी मौत
वहीं मोहाली में भी डिस्कोथेक के बाहर गोली चलने से पार्टी में शामिल होने आए पुलिस मुलाजिम की मौत हो गई थी। इसके बाद डिस्कोथेक को बंद कर दिया गया था। ऐसे में अब एसएसपी ने इस दिशा में कार्रवाई करने की मांग की है ताकि जिले में बढ़ रहे अपराध को रोका जा सके।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें