Kangana Ranaut ने चंडीगढ़ पहुंचते ही किया ट्वीट, लिखा- लगता है इस बार मैं बच गई
कंगना रनोट (Kangana Ranaut) मुंबई से चंडीगढ़ पहुंची और यहां से वह अपने घर मनाली के लिए रवाना हो गई हैं। कंगना ने यहां पहुंचते ही ट्वीट किया और लिखा कि लगता है इस बार वह बच गई हैं।
चंडीगढ़ [संजय घिल्डियाल]। कंगना रनोट (Kangana Ranaut) और महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) के बीच जारी रस्साकशी के बीच आज कंगना चंडीगढ़ पहुंची। वह लगभग 11 बजे यहां पहुंची और फिर मनाली के लिए रवाना हो गई। चंडीगढ़ पहुंचते ही कंगना ने ट्वीट किया। लिखा कि चंडीगढ़ में उतरते ही मेरी सिक्योरिटी नाममात्र रह गई है, लोग ख़ुशी से बधाई दे रहे हैं।
बता दें, विवाद के बाद कंगना को केंद्र सरकार ने कड़ी सुरक्षा दी है। मुंबई में उनकी सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई थी। अपने ट्वीट में कंगना ने सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा।
अपने ट्वीट में कंगना ने लिखा- चंडीगढ़ मेंं उतरते ही मेरी सिक्योरिटी नाममात्र रह गई। लोग ख़ुशी से बधाई दे रहे हैं। लगता है इस बार मैं बच गई। एक दिन था जब मुंबई में माँ के आँचल की शीतलता महसूस होती थी। आज वो दिन है जब जान बची तो लाखों पाए। शिव सेना से सोनिया सेना होते ही मुंबई में आतंकी प्रशासन का बोल बाला है।
चंडीगढ़ मे उतरते ही मेरी सिक्यरिटी नाम मात्र रह गयी है, लोग ख़ुशी से बधाई दे रेही हैं, लगता है इस बार मैं बच गयी, एक दिन था जब मुंबई में माँ के आँचल की शीतलता महसूस होती थी आज वो दिन है जब जान बची तो लाखों पाए, शिव सेना से सोनिया सेना होते ही मुंबई में आतंकी प्रशासन का बोल बाला।— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) September 14, 2020
इसके बाद मनाली रवाना होने से पूर्व कंगना ने एक और ट्वीट किया और इसमें भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। कंगना ने लिखा- ''दिल्ली के दिल को चीर के वहाँ इस साल खून बहा है, सोनिया सेना ने मुंबई में आज़ाद कश्मीर के नारे लगवाए, आज आज़ादी की क़ीमत सिर्फ़ आवाज़ है, मुझे अपनी आवाज़ दो, नहीं तो वो दिन दूर नहीं जब आज़ादी की क़ीमत सिर्फ़ और सिर्फ़ ख़ून होगी।''
उल्लेखनीय है कि कंगना 9 सितंबर को मुंबई गई थी। उसी दिन बीएमसी ने उनके कार्यालय के कुछ हिस्से को अवैध करते हुए गिरा दिया था। इससे कंगना काफी आहत थी। आज घर वापसी से पहले रविवार को कंगना ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मुलाकात की थी और अपने दर्द को सांझा किया था।