दैनिक जागरण के Cycle अभियान का असर, फुटपाथ पर वाहन चलाने वालाें की तादाद में कमी Chandigarh News
2018 में साइकिल ट्रैक व फुटपाथ पर चलने वाले 17324 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई थी। 2019 में कुल 6055 वाहन चालक साइकिल ट्रैक पर पकड़े गए हैं।
चंडीगढ़, [कुलदीप शुक्ला]। सिटी ब्यूटीफुल में साइकिल ट्रैक और फुटपाथ पर वाहन चलाने की लोगों में आदत 2018 की अपेक्षा 2019 में तीन गुना कम हुई है। 2018 में साइकिल ट्रैक व फुटपाथ पर चलने वाले 17324 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई थी। 2019 में कुल 6055 वाहन चालक साइकिल ट्रैक पर पकड़े गए हैं। इसमें ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के अलावा सीसीटीवी से ट्रैफिक वॉयलेशन इन्फार्मेशन स्लिप (टीवीआइएस) के 480 चालान शामिल हैं।
अक्टूबर 2018 में पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट की फटकार के बाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान के तहत साइकिल ट्रैक पर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई का अभियान चलाया था। इसके अलावा दैनिक जागरण की तरफ साइकिल चलाने को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान रंग लाया है।
2019 में 93 हजार जुर्माना वसूला
एक साल में साइकिल ट्रैक पर चलने वाले वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस ने काफी सख्ती दिखाई है। इस दौरान जिला अदालत में जब्त वाहन चालकों से चार लाख 93 हजार रुपये जुर्माना जमा हुआ है। जिसके बाद कोर्ट ने वाहन छोड़ने की अनुमति दी है। इनमें सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन शामिल हैं।
एक साल सजा और जुर्माने का प्रावधान
साइकिल ट्रैक पर वाहन चलाने के मामले में कलंदरा होने के बाद केस कोर्ट में जाता है। हालांकि आरोपित को मौके से जमानत पर छोड़कर वाहन जब्त कर लिया जाता है। इसमें आरोपित को छह महीने की सजा समेत एक हजार रुपये जुर्माना हो सकता है। इसके अलावा एक साल की सजा भी हो सकती है।
प्रशासक भी साइकिल से पहुंच चुके हैं राजभवन
दैनिक जागरण द्वारा शहर को साइकिल सिटी बनाने के अभियान साइकिल से ही कल है..को यूटी प्रशासन ने मंजूर कर लिया है। यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सभी अधिकारियों से शहर में साइकिल को प्रमोट करने के सख्त निर्देश दिए हैं। एक कमेटी को इस मामले में रिपोर्ट देने को भी कहा गया है। इसी दिशा में यूटी प्रशासक खुद आठ जनवरी को अन्य सभी अधिकारियों के साथ राजभवन से यूटी सचिवालय साइकिल पर ही पहुंचे थे।
शहर में साइकिल ट्रैक या फुटपाथ पर चलने वाले वाहन चालकों के साथ साइकिल सवार को भी ट्रैक पर चलने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद लोगों में काफी जागरूकता आई है। इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -चरणजीत सिंह विर्क, डीएसपी एंड पीआरओ