IAS विनय प्रताप सिंह को तत्काल डीसी चंडीगढ़ का कार्यभार संभालने के आदेश, मनदीप बराड़ हरियाणा भेजे गए
केंद्र ने आईएएस विनय प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से चंडीगढ़ के डीसी के कमान संभालने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं प्रशासन ने देर शाम को मौजूदा डीसी मंदीप सिंह बराड़ के हरियाणा रिपेट्रिएट के आर्डर जारी कर दिए।
विशाल पाठक, चंडीगढ़। गृह मंत्रालय ने सोमवार को हरियाणा के 2011 बैच के आईएएस विनय प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से चंडीगढ़ के डीसी के कमान संभालने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, प्रशासन ने देर शाम को मौजूदा डीसी मंदीप सिंह बराड़ के हरियाणा रिपेट्रिएट के आर्डर जारी कर दिए। आईएएस विनय प्रताप सिंह मौजूदा समय में पंचकूला के डीसी हैं।
मनदीप बराड़ को एक्सटेंशन से इन्कार
इससे पहले आईएएस विनय प्रताप सिंह का नाम डीसी चंडीगढ़ के लिए गृह मंत्रालय ने फाइनल कर दिया था। बीच में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से नगर निगम चुनाव और करोना महामारी की तीसरी लहर को ध्यान में रखते हुए उन्हें 3 महीने की एक्सटेंशन देने के लिए फाइल चलाई थी। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो गृह मंत्रालय की ओर से एक्सटेंशन की फाइल को मंजूरी नहीं की गई, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से विनय प्रताप सिंह को चंडीगढ़ डीसी का कार्यभार संभालने के लिए कहा गया है।
मनदीप बराड़ ने कोरोना काल में संभाली शहर की कमान
मौजूदा डीसी मनदीप सिंह बराड़ का चंडीगढ़ प्रशासन में बेहद ही नाजुक कार्यकाल रहा। वर्ष 2019 में उनकी मौजूदगी में लोकसभा का चुनाव हुआ था इसके बाद वर्ष 2020 में कोरोना महामारी की दस्तक के बाद उन्होंने शहर की कमान संभाली रखी। मंदीप सिंह बराड़ के कार्यकाल में चंडीगढ़ स्टेट ऑफिस में लोगों की सुविधाओं के लिए कई ऑनलाइन सेवाएं शुरू की गईं।