तीन घंटे की बारिश से शहर में बने बाढ़ से हालात
शुक्रवार को सुबह-सुबह हुई तेज बारिश ने कुछ ही घंटों में शहर में बाढ़ जैसे हालात बना दिए।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शुक्रवार को सुबह-सुबह हुई तेज बारिश ने कुछ ही घंटों में शहर में बाढ़ जैसे हालात बना दिए। आलम यह था कि सड़कों पर डिवाइडर डूब गए थे, पानी इतनी तेज रफ्तार से बह रहा था कि मानों सड़के नहीं, तालाब हों। बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव व जाम की स्थिति देखने को मिली, जिससे लोगों को खासी दिक्कत हुई। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि शुक्रवार को सुबह साढ़े 8 बजे के बाद चंडीगढ़ में 24 एमएम बारिश हुई, वहीं, एयरपोर्ट एरिया में 87 एमएम बारिश हुई। पॉल ने बताया कि बारिश तेज थी, जिस वजह से यह हालत बने हैं। आने वाले 48 घंटों में भी भारी बारिश की संभावना है। बारिश से तापमान में भी आई गिरावट
बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य तापमान से 2 डिग्री कम रहा, वहीं, न्यूनतम तापमान 27.4 एमएम रहा, जोकि सामान्य तापमान से 5 डिग्री सेल्सियस कम था। एयरपोर्ट एरिया में हुई 87 एमएम बारिश
मोहाली, जीरकपुर और डेराबस्सी के साथ लगते इलाकों में शुक्रवार को सुबह साढ़े 8 बजे से लेकर दोपहर के 12 बजे तक 87 एमएम बारिश हुई। यह बारिश लगभग ढाई से तीन घंटे तक लगातार रही। बारिश इतनी तेज थी कुछ ही मिनटों में सड़कें तालाब की तरह दिखने लगीं। खासकर हल्लोमाजरा-रामदरबार चौक से एयरपोर्ट चौक तक, जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे तो दो से ढाई फीट तक पानी सड़कों में बह रहा था। इन चौकों से निकलने के लिए वाहन चालकों को 20 से 25 मिनट तक लगे। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट चौक, जेडब्ल्यू मैरियट चौक, पीजीआइ चौक और हाउसिंग बोर्ड चौक पर लंबा जाम देखने को मिला। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में भी ट्रैफिक लाइटें खराब होने और वाहन खराब होने के कारण भी लंबे जाम देखे गए। सुखना के जलस्तर में हुआ डेढ़ फीट तक का इजाफा
शुक्रवार को सुबह-सुबह हुई जोरदार बारिश का असर सुखना के जलस्तर पर भी देखने को मिला। सुखना के जलस्तर में डेढ़ फीट तक का इजाफा हुआ है। सुखना का जलस्तर वीरवार तक को 1159 फीट तक था, जोकि शुक्रवार को 1160.5 फीट तक पहुंच गया। दो फ्लाइट्स कैंसिल, 13 फ्लाइट्स लेट
एयरपोर्ट एरिया में हुई तेज बारिश का चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के फ्लाइट शेड्यूल पर भी देखने को मिला। दिल्ली एयरपोर्ट से सुबह 7:25 पर आने वाली एलांयस एयरलाइन की फ्लाइट और जेट एयरवेज की 7:25 की फ्लाइट रद रही। इसके अलावा सभी 13 फ्लाइट्स ने अपने निर्धारित समय से देरी से उड़ान भरी। चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रवक्ता दीपेश जोशी ने बताया ने उन्हीं फ्लाइट्स की उड़ान में देरी हुई है, जिनकी लैंडिंग लेट हुई है।