पाबंदी के बावजूद जमकर जले पटाखे और हुई आतिशबाजी, चंडीगढ़ में हालत बदतर
चंडीगढ़ में पाबंदी के बावजूद जमकर पटाखे जलाए गए और आतिशबाजी हुई। इससे वायु प्रदूषण बढ़ गया है और इसका असर अगले 24 घंटे में देखने को मिलेगा। पंजाब के विभिन्न इलाकों में भी जमकर पटाखे जलाए गए। इससे राज्य में प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है।
चंडीगढ़, [बलवान करिवाल]। पंजाब में अधिकतर स्थानों पर दीपावली की रात जमकर आतिशबाजी हुई और लोगों ने पटाखे जलाए। इससे वातावरण काफी जहरीली हो गई। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में भी हालत खराब रही। शहर में पटाखों की बिक्री और जलाने पर पूर्ण पाबंदी होने के बाद भी जगह-जगह खूब आतिशबाजी हुई और जमकर पटाखे जलाए गए। इसका अगले 24 घंटे में असर देखने को मिलेगा।
चंडीगढ़ में दीवाली की शाम को पटाखे जलने का सिलसिला शुरू हो गया और आसमान में जगह-जगह पटाखे जलने से धुआ जमा होने लगा। अंधेरे में पटाखे जलने से होने वाली रोशनी की वजह से इनका साफ पता चल रहा था। हालांकि पटाखे जलने के बाद भी चंडीगढ़ की हवा रवविार सुबह ज्यादा खराब नहीं हुई और शहर में प्रदूषण का स्तर अभी उत्तर भारत के अन्य शहरों से काफी कम है।
एयर क्वालिटी इंडेक्स में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई दर्ज, लेकिन 24 घंटे में दिखेगा आतिशबाजी का असर
रविवार को चंडीगढ़ में एयर क्वालिटी इंडेक्स 146 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। दीवाली की रात भी यह 140 के आस पास ही था। वहीं पंचकूला और मोहाली में पटाखों पर पाबंदी नहीं थी । इन दोनों शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। पंचकूला में एयर क्वालिटी इंडेक्स रविवार सुबह बढ़कर 274 तक पहुंच गया। शाम तक इसके और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। हवा में पार्टिकुलेट मैटर 2 पॉइंट 5 और पीएम 10 के कणों की मात्रा काफी बढ़ गई है साथ ही कार्बन डाइऑक्साइड नाइट्रोजन जैसी गैसों की मात्रा काफी बढ़ गई हैl
ठंड बढ़ने के साथ बढ़ेगी परेशानी
एयर क्वालिटी इंडेक्स डेढ़ सौ तक पहुंच गया है हालांकि दीवाली से पहले भी यह इसी के आसपास था। एक बार तो 203 भी दर्ज किया गया। लेकिन, चंडीगढ़ में ठंड बढ़ने के साथ तापमान जैसे-जैसे नीचे गिरेगा प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ सकता है। पर्यावरण विशेषज्ञ इस बात को स्पष्ट कर रहे हैं और इसको लेकर चेतावनी भी जारी कर रहे हैं।
दिल्ली एनसीआर में सांस लेना हुआ मुश्किल
दीवाली के बाद दिल्ली एनसीआर एरिया के शहरों में सबसे ज्यादा प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। रविवार सुबह नई दिल्ली का एक्यूआइ 468 दर्ज किया गया। यह गुरुग्राम 421, फरीदाबाद 443, नोएडा 445 दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ के साथ लगती शहरों में भी प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। हरियाणा के अंबाला शहर मैं एक्यूआइ 330, कुरुक्षेत्र में 381, करनाल में 293 दर्ज किया गया। पंजाब में लुधियाना में एक्यूआइ 378, जालंधर में 327 और पटियाला में 328 दर्ज किया गया है।