चंडीगढ़ में मॉनसून सीजन के दौरान गायत्री परिवार लगाएगा 10,000 फलदार और छायादार पौधे
अखिल भारतीय गायत्री परिवार की ओर से शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण का आयोजन किया गया। उमाशंकर शर्मा ने बताया की गायत्री परिवार की तरफ से इस वर्ष मानसून की शुरुआत होते ही ट्राइसिटी और सीमावर्ती क्षेत्रों में 10 हजार पौधे लगाए जाएंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। अखिल भारतीय गायत्री परिवार की ओर से शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण का आयोजन किया गया। मोहाली और चंडीगढ़ के विभिन्न जगह पर पौधे लगा कुछ विशेष संकल्प भी लिए गए। इस अवसर पर मुख्य ट्रस्टी उमाशंकर शर्मा ने बताया की गायत्री परिवार की तरफ से इस वर्ष मानसून की शुरुआत होते ही ट्राइसिटी और सीमावर्ती क्षेत्रों में सभी गायत्री परिवार के स्वजनों, जय मधुसूदन जय श्री कृष्ण सेवा सोसायटी चंडीगढ़, ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ ऑल इंडिया भूमिहार सेवा संघ ,सार्थक सोसायटी पंचकूला ओर ट्राइसिटी पूर्वांचल परिवार के सहयोग से 10,000 फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है जो की शहर की सुंदरता के साथ साथ पर्यावरण के प्रति भी अहम कदम साबित होगा।
ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ के महासचिव यशपाल तिवारी ने बताया कि शनिवार को इस अभियान की शुरुआत सेक्टर -37 स्थित भगवान परशुराम भवन से कर दी गई है। इस मौके पर शक्तिपीठ मोहाली में औषधीय पौधे और गायत्री मानस चेतना केंद्र सारंगपुर में त्रिवेणी और फलदार पौधे लगाकर की गई। इस अवसर पर ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ और गायत्री परिवार ट्रस्ट के अत्यंत निकटतम सहयोगी प्रभुनाथ शाही की उपस्थिति में संकल्प लिया गया की विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरुआत करके आने वाले समय में पूरे ट्राइसिटी में पौधारोपण का कार्य चलता रहेगा।
इस पौधारोपण कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ ने भी अपनी भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। प्रभुनाथ शाही ने सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया और बताया कि पौधे लगाने के साथ इनको बचाना हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने अपने सूत्र हमारा पर्यावरण हमारा भगवान का आह्वान किया। मुख्य समन्वयक प्रकाश चंद शर्मा ने इस कार्य के लिए सब का धन्यवाद किया और अगले लक्ष्य को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दी। आज इस पौधारोपण कार्यक्रम में लखन पाल, वेद प्रकाश शर्मा, दलवीर सिंह और लोकेश सहित सौरव शर्मा भी शामिल हुए।