Gangster सुखप्रीत सिंह बुड्ढा को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने दोबारा तीन दिन के रिमांड पर भेजा Chandigarh News
सुखप्रीत बुड्ढा व उसके साथी जामन सिंह पर नयागांव निवासी परमजीत कौर की शिकायत पर नयागांव थाने में 11 मई 2019 को धारा-336 व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मोहाली, जेएनएन। गिप्पी ग्रेवाल से रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्ढा को पिछला रिमांड खत्म होने के बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां पुलिस द्वारा बुड्ढा के रिमांड की मांग न करने पर अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दूसरी तरफ नयागांव पुलिस ने एक महिला के घर पर गोलियां चलाने के मामले में बुड्ढा को फिर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। एसएचओ नयागांव अशोक कुमार ने अदालत को रिमांड हासिल करते हुए यह तर्क दिया कि सुखप्रीत से वारदात में इस्तेमाल किए हथियार बरामद करने हैं। अदालत ने पुलिस की दलील सुनने के बाद बुड्ढा को 18 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जामन सिंह पहले ही जेल में है बंद
सुखप्रीत बुड्ढा व उसके साथी जामन सिंह पर नयागांव निवासी परमजीत कौर की शिकायत पर नयागांव थाने में 11 मई 2019 को धारा-336 व आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। बुड्ढा के साथी जामन सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जोकि जेल में बंद हैं। परमजीत कौर (44) निवासी दशमेश कॉलोनी, नयागांव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसका पति रघुवीर सिंह पंजाब पुलिस में है। उसका बेटा गगनदीप सिंह जोकि किसी केस में अंबाला जेल में बंद है, की भूपिंदर गोगी नाम के शख्स से पुरानी रंजिश थी। भूपिंदर गोगी ने ही बुड्ढा व जामन सिंह को उसके घर पर गोलियां चलाने के लिए कहा था।
मोटरसाइकिल पर आकर चलाई थी गोलियां
एक मई को जब रघुवीर सिंह ड्यूटी पर था तो घर पर परमजीत कौर व उसका छोटा लड़का यशकरण सिंह घर पर अकेले थे। सुबह करीब तीन बजे दो लड़के उनकी गली में मोटरसाइकिल पर आए और उनके घर पर फायरिंग कर दी। दहशत का माहौल पैदा करने उपरांत दोनों युवक मोटरसाइकिल पर फरार हो गए थे। उस समय पुलिस ने परमजीत कौर की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था लेकिन जामन सिंह के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस को पता चला कि वारदात में गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा भी शामिल है।
परमीश वर्मा को मारी थी गोली
सुखप्रीत बुड्ढा को सबसे पहले फेज-1 थाना पुलिस ने परमीश वर्मा पर गोलियां चलाने के मामले में गिरफ्तार किया था। लेकिन 14 दिन का रिमांड खत्म होने के बाद उसे फेज-8 थाना पुलिस ने गिप्पी ग्रेवाल से रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सात दिन का रिमांड खत्म होने उपरांत उसे अब नयागांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें