मॉडल से दुष्कर्म मामले में पूर्व सब इंस्पेक्टर ने खुद को बताया बेगुनाह, कहा- मुझे फंसाया गया
17 अक्टूबर 2018 को मुंबई की एक मॉडल ने सेक्टर-31 थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर सेल के एसआइ नवीन फौगाट ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। दुष्कर्म मामले में आरोपित पूर्व सब इंस्पेक्टर नवीन फौगाट ने सोमवार को जिला अदालत में अपने बयान दर्ज करवाए। कहा कि उसे इस मामले में फंसाया गया है। वह बेगुनाह है। अगली सुनवाई अब 15 जनवरी को होगी। जब बचाव पक्ष नवीन के पक्ष में गवाहों की सूची कोर्ट में देगा।
कोर्ट में नवीन ने बताया कि जिस समय उस पर मामला दर्ज हुआ, उस समय बिटक्वाइन केस के लिए एसआइटी गठित हुई थी जिसका वह भी एक सदस्य था। टीम बिटक्वाइन मामले की जांच कर रही थी। इस टीम में वह साइबर सेल के हेड के अंदर काम कर रहा था। इस दौरान बिटक्वाइन मामले में शिकायतकर्ता रहे व्यक्ति ने कोर्ट में याचिका दायर कर बताया कि बिटक्वाइन घोटाले में अन्य आरोपितों को महाराष्ट्र, दिल्ली और कर्नाटक की पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिन्हें यूटी पुलिस ने छोड़ दिया। इस संबंध में एक याचिका हाई कोर्ट में भी लगाई गई थी। टीम के उच्च अधिकारियों को उस समय यह लगा कि यह जानकारी उसने शिकायतकर्ता को दी है। जिसके बाद एक गुमनाम शिकायत आने के बाद उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई और उसे इस मामले में फंसाया गया।
मॉडल ने दर्ज करवाया था केस
17 अक्टूबर 2018 को दर्ज मामले के मुताबिक मुंबई की एक मॉडल ने सेक्टर-31 थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर सेल के एसआइ नवीन फौगाट ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। वह पंजाबी फिल्मों में काम करना चाहती थी जिसके लिए वह धनास निवासी राहुल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आई। राहुल ने धोखे से मॉडल का सिम कार्ड चुराकर उसके खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए थे। पीडिता ने जब राहुल द्वारा किए गए क्राइम की शिकायत पुलिस को दी तो धोखाधड़ी के मामले की जांच का जिम्मा नवीन फौगाट को सौंपा गया था। 12 जून को जब महिला केस के सिलसिले में चंडीगढ़ आई थी तो नवीन फौगाट ने उसे उसके होटल तक छोडऩे की पेशकश की। लेकिन वहां जबरदस्ती उसके कमरे में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। साइबर सेल ने नवीन को बर्खास्त कर दिया था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें