लोकसभा चुनाव लड़ चुके पति-पत्नी अनवर-उल-हक और जन्नत जहां आज थामेंगे कांग्रेस का हाथ
जन्नत जहां ने जहां वर्ष 2014 में बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था वहीं उनके पति भी इसी पार्टी से वर्ष 2009 में लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं।
चंडीगढ़ [राजेश ढल्ल]। भाजपा की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा में देरी का फायदा कांग्रेस पार्टी उठा रही है। लोकसभा चुनाव लड़ चुके दंपती हाफिज अनवर उल हक और उनकी पत्नी जन्नत जहां वीरवार देर शाम को कांग्रेस में शामिल हो रही है। उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाने के लिए आनंदपुर साहिब सीट के दावेदार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी भी आ रहे हैं। कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता अजहरुद्दीन भी मौजूद होंगे। कांग्रेस भवन में ज्वाइनिंग के समय शहर से कांग्रेस के दावेदार पवन बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा भी उपस्थित होंगे।
मालूम हो कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव में जन्नत जहां उल हक ने बसपा की टिकट से चुनाव लड़ा था। वह नगर निगम की पूर्व पार्षद भी रह चुकी हैं। वहीं, वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में हाफिज अनवर चुनाव मैदान में थे। हाफिज अनवर मुसिलम समुदाय के नेता भी है। इसलिए कांग्रेस इन्हें शामिल करके मुस्लिम वोट बैंक पर नजर रखे हैं। वहीं शिअद के पूर्व अध्यक्ष जगजीत सिंह कंग भी जल्द कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।
सतीश कैंथ भी बन सकते हैं कांग्रेसी
मालूम हो कि अभी तक कांग्रेस ही सबसे ज्यादा नेताओं को दूसरे दलों से अपने यहां पर शामिल करवा रही है। अगले कुछ दिनों में सतीश कैंथ भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। कैंथ ने इस साल भाजपा से बगावत करके मेयर का चुनाव लड़ा था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।