खुशखबरीः पहली अगस्त से चंडीगढ़ से दिल्ली का हवाई सफर मात्र 1365 रुपये में Chandigarh News
एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से रनवे विस्तार के बाद अब बड़े विमानों का चंडीगढ़ एयरपोर्ट से संचालन हो रहा है। एयरपोर्ट से 33 घरेलू फ्लाइट्स का संचालन होगा।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फ्लाइट शेड्यूल में इजाफा होने जा रहा है। पहली अगस्त से एयरपोर्ट से 33 घरेलू फ्लाइट्स का संचालन होगा। एयरपोर्ट के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर प्रिंस ने बताया कि एयर एशिया एयरलांइस की तरफ से चंडीगढ़-दिल्ली के लिए नई फ्लाइट्स शुरू होने जा रही है। इस फ्लाइट का संचालन पहली अगस्त से होगा। दिलचस्प बात यह है कि एयरलाइंस ने इस फ्लाइट का बेसिक किराया 1365 रुपये में निर्धारित किया है।
यह रहेगा शेड्यूल
एयर एशिया की यह फ्लाइट (I-5553) दिल्ली से सुबह 10:40 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 11:50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह सफर एक घंटे 10 मिनट का होगा। वापसी में यह फ्लाइट (I-5554) चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोपहर 12:50 बजे उड़ान भरेगी और दोपहर 1:55 बजे दिल्ली पंहुचेगी।
162 पैसेंजर के बैठने की है सुविधा
एयर एशिया की इस फ्लाइट एयरबस -320 में तकरीबन 162 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से रनवे विस्तार के बाद अब बड़े विमानों का चंडीगढ़ एयरपोर्ट से संचालन हो रहा है। एयर एशिया के अधिकारियों का कहना है कि इस फ्लाइट के लिए बुंकिंग शुरू हो गई है। फ्लाइट के लिए यात्री एयर एशिया की साइट पर जाकर बुकिंग करवा सकते हैं।
31 जुलाई से 10 अगस्त तक एयर इंडिया की फ्लाइट रद
चंडीगढ़ : ऑपरेशनल रीजन के चलते एयर इंडिया ने अपनी दो फ्लाइट्स को रद किया है। स्टेशन मैनेजर एमआर जिंदल ने कहा कि एयर इंडिया की एआइ 463,464 फ्लाइट 24 जुलाई को रद रहेगी। यह फ्लाइट दिल्ली से 11:15 से उड़ान भरकर चंडीगढ़ में 12:10 बजे लैंड होती है। चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए यह फ्लाइट दोपहर 12:45 उड़ान भरती है। वहीं एयर इंडिया की एआइ 443, 444 फ्लाइट 31 जुलाई से 10 अगस्त तक दर रहेगी। यह फ्लाइट सुबह 6:35 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर लैंड होती है और सुबह 7:05 बजे से दिल्ली के लिए उड़ान भरती है। इस बाबत ज्यादा जानकारी के लिए यात्री सेक्टर -34 स्थित एयरइंडिया के ऑफिस में आकर संपर्क कर सकते हैं।