'दैनिक जागरण' का साइकिल अभियान रंग लाया,शहर में बनने वाले 617 डॉक स्टेशन में उपलब्ध होंगी पांच हजार साइकिलें
साइकिल डॉक स्टेशन से मिल सकेंगी और शहर में ऐसे 617 डॉक स्टेशन बनाए जाएंगे जहां 5000 के करीब साइकिल उपलब्ध होंगी। चंडीगढ़ प्रशासन ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है।
चंडीगढ़, [राज्य ब्यूरो]। शहर में पर्यावरण को हो रहे नुकसान और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अब शहर में फिर से साइकिल चलाए जाने को प्रोत्साहित करने की चंडीगढ़ प्रशासन ने योजना बनाई है। इसे पब्लिक बाइक शेयरिंग का नाम दिया गया है। जहां से कोई भी बेहद ही मामूली राशि दे कर साइकिल किराए पर ले सकता है और शहर भर में घूम सकता है। इसकी जानकारी यूटी प्रशासन ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट को दी है।
जवाब में कहा गया है कि यह साइकिल डॉक स्टेशन से मिल सकेंगी और शहर में ऐसे 617 डॉक स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां 5000 के करीब साइकिल उपलब्ध होंगी। चंडीगढ़ प्रशासन ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है। इसमें तीन कंपनियां शामिल हो बोली लगा चुकी हैं और एक महीने में यह टेंडर प्रक्रिया पूरी भी कर ली जाएगी। यह योजना 18 महीनों में पूरी कर ली जाएगी।
पब्लिक बाइक शेयरिंग की योजना
प्रशासन की ओर से हाई कोर्ट को बताया गया कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत पब्लिक बाइक शेयरिंग की यह योजना बनाई गई है। जिसके तहत शहर में शहर में निगम साइकिल प्रदान करेगा, ताकि लोग इन साइकिल का इस्तेमाल कर सकें। इस योजना के तहत शहर में 5000 हजार साइकिल दिए जाएगे। साइकिल शेयरिंग प्वाइंट से कोई भी व्यक्ति साइकिल ले कहीं भी जा सकता है और अन्य प्वाइंट पर छोड़ सकता है, जहां से कोई अन्य व्यक्ति उस साइकिल को लेकर अन्य प्वाइंट तक जा सकता है। यह साइकिल जीपीएस सिस्टम से लैस होंगे। इस योजना के तहत शहर में चलाने के लिए जो साइकिल मिलेंगी, वह डॉक स्टेशन पर ही उपलब्ध होंगी।
हाई कोर्ट ने डॉक स्टेशनों को जल्द बनाने के दिए निर्देश
हाईकोर्ट ने अब चंडीगढ़ प्रशासन को इन सभी डॉक स्टेशनों को जल्द बनाए जाने के आदेश दिए हैं। ताकि इस प्रोजेक्ट को शीघ्रता से लागू किया जा सके। यहां से मिलने वाली साइकिल की विशेषता यह होगी कि यह चलाने में काफी हल्की होंगी और इसे चलाने में थकान भी महसूस नहीं होगी।
दैनिक जागरण ने साइकिल के मुद्दे पर चलाया है अभियान
चंडीगढ़ में बढ़ते ट्रैफिक को कंट्रोल करने का सबसे बेहतर तरीका शहर को साइकिल फ्रेंडली बनाना है। बीते दिनों से दैनिक जागरण ने साइकिल के मुद्दे पर अभियान चलाया हुआ है। साइकिल चलाओ अभियान से ट्राईसिटी के लोग लगातार जुड़़ रहे हैं। लोगों को साइकिल के प्रति जागरूक करने के लिए भविष्य में दैनिक जागरण कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें चंडीगढ़ के लोगों की भागीदारी रहेगी।