मतदाता दिवस पर राष्ट्रीय स्तर की निबंध लेखन प्रतियोगिता में एमसीएम कालेज चंडीगढ़ की श्रुति को पहला पुरस्कार
चंडीगढ़ एमसीएम कालेज सेक्टर 36 के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर की निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में कालेज की छात्रा श्रुति सिंह ने पहला स्थान हासिल किया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फार वुमेन सेक्टर 36 के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर की निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य वोट के अधिकार के महत्व और इसके साथ आने वाली जिम्मेदारी के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक करना था।
वोटिंग इज ए प्रिविलेज, ए राइट और रिस्पांसिबिलिटी विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 84 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का निर्णय नवीनता, तर्क, भाषा और सुसंगतता के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार मेहर चंद महाजन डीएवी कालेज फर वुमेन चंडीगढ़ की श्रुति सिंह को मिला जबकि दूसरा एवं तीसरा पुरस्कार क्रमशः जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की रीतिका और जस्टिस बशीर अहमद सईद कालेज फार वुमेन तेन्नमपेट चेन्नई की एम फहीमा को मिला। सांत्वना पुरस्कार एमसीएम चंडीगढ़ की सुप्रिया को दिया गया।
कालेज प्रिंसिपल डा. निशा भार्गव ने इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही एक जीवंत लोकतंत्र का आधार बनते हैं। इसलिए इस तरह की जागरूकता पहल काफी प्रासंगिकता रखती है। उन्होंने कहा कि हर बेटी को लोकतंत्र की ज्यादा से ज्यादा जानकारी होनी चाहिए। आज की बेटी कल की भविष्य है। कालेज समय समय पर स्टूडेंट्स को समाज से जोड़ने की दिशा मे काम करता है। स्टूडेंट्स को भी हर कार्यक्रम मे भाग लेना चाहिए।