15 साल पुरानी गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, करोड़ों का सामान जलकर राख
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी में एक गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई। आगजनी से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जागरण संवाददाता, मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी में एक गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई। आगजनी से करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। सुबह 6 बजे के करीब प्लॉट नंबर डी-217 में स्थित संचित इंडस्ट्री नाम की गत्ता व डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री से कर्मचारियों ने धुंआ निकलता देखा। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत फैक्ट्री मालिक को दी।
फैक्ट्री मालिक व फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। आग की लपटों ने वहां पड़े गत्ते के बड़े रोल भी जल गए। फैक्ट्री में आग लगने से पूरे इलाके में धुंआ फैल गया। वहीं देखते ही देखते आग साथ लगती दूसरी फैक्ट्री (डी 216 व डी 218) में भी फैल गई। फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में आग लगने की सूचना उन्हें सुबह साढ़े 6 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग मोहाली की 10 गाडिय़ां मौके पर पहुंची। लेकिन आग ज्यादा फैल जाने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके उपरांत चंडीगढ़ दमकल विभाग से 18 हजार लीटर की क्षमता वाली दो बड़ी गाडिय़ां (बूजर) बुलाई गई, जिनकी मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका।
संचित इंडस्ट्री के मालिक तेजिंदर बांसल ने बताया कि वह पिछले 15 सालों से इस फैक्ट्री में गत्ते व डब्बे बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आगजनी के कारण उनका करोड़ों का नुकसान हुआ है।