चंडीगढ़ में किसान नेता बडहेड़ी बोले- गेहूं की कीमतों में बढ़ोतरी न के बराबर, दाम 2100 रुपये करे सरकार
किसान नेता रजिंदर सिंह बडहेड़ी ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान और बाद में कृषि की लागत काफी बढ़ गई है। इससे किसानों का बुवाई से लेकर कटाई तक का खर्च भी नहीं निकल पाएगा। उन्होंने कहा कि गेहूं की कीमत अभी 2100 रुपये तय की जानी चाहिए।
जासं, चंडीगढ़। प्रमुख सिख किसान नेता और अखिल भारतीय जाट महासभा की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष और महासभा के राष्ट्रीय प्रतिनिधि रजिंदर सिंह बडहेड़ी ने कहा है कि केंद्र सरकार की ओर से की गई गेहूं के दामों में 40 रुपये की वृद्धि न के बराबर है। उन्होंने कहा कि पहले गेहूं की कीमत 1975 रुपये थी। अब इसे 2015 रुपये कर दिया गया है। कोरोना महामारी के दौरान और बाद में कृषि की लागत काफी बढ़ गई है। इससे किसानों का बुवाई से लेकर कटाई तक का खर्च भी नहीं निकल पाएगा। उन्होंने कहा कि गेहूं की कीमत अभी 2100 रुपये तय की जानी चाहिए थी, तब जाकर किसानों को कुछ राहत मिलनी थी।
बडहेड़ी ने कहा कि पिछले साल महामारी की शुरुआत में किसान ने स्वयं की परवाह नहीं की और फसल में किसी तरह की देरी नहीं होने दी। इस बार भी महामारी की दूसरी लहर के बावजूद किसानों की मेहनत से फसल की पैदावार पिछले वर्षों की तुलना में बढ़ी है। केंद्र सरकार ने उस प्रयास की सराहना नहीं की। बडहेड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों के प्रति सौहार्दपूर्ण रवैया रखना चाहिए। पिछले साढ़े 9 महीने से सड़कों पर उतरे आंदोलनकारी किसानों की मांगों के अनुरूप तीनों कृषि कानूनों को तत्काल निरस्त किया जाए। किसानों को समृद्ध बनाए बिना भारत की अर्थव्यवस्था समृद्ध नहीं हो सकती।
यह भी पढे़ं - अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी घोषित
जासं, चंडीगढ़। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के आदेशानुसार और प्रदेश प्रवक्ता एवं एससी मोर्चा के प्रभारी नरेश अरोड़ा की सहमति से अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने अनुसूचित जाति मोर्चा चंडीगढ़ के प्रदेश की टीम का विस्तार किया जिसमें मनोज कुमार को प्रदेश उपाध्यक्ष सुरजीत फौजी को प्रदेश उपाध्यक्ष, ऋषि राज को प्रदेश सचिव, नेहा बोहत को प्रदेश सचिव, सुरेंद्र कांगड़ा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और विनय बोहट को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घोषित किया गया। घोषणाओं के बाद कृष्ण कुमार ने कहा कि प्रदेश का संगठन प्रभारी नरेश अरोड़ा के नेतृत्व में बहुत अच्छे से चल रहा है और समाज के कामों के लिए बढ़-चढ़कर काम कर रहा है।