किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी बोले- प्रदर्शनकारियों ने नहीं रोकी ऑक्सीजन, शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहेगा आंदोलन
मोहाली में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि दिल्ली में धरना दे रहे किसी भी किसान ने ऑक्सीजन सप्लाई नहीं रोकी है। ये सिर्फ सरकारों की चाल है। दिल्ली बॉर्डर पर छह जगह किसान बैठे हैं और धरना इसी तरह से जारी रहेगा।
मोहाली, जेएनएन। किसान आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि सरकारें आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। गुरनाम सिंह यहां गुरुद्वारा सिंह शहीदां में किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों की आत्मिक शांति के लिए रखे गए सहज पाठ में भाग लेने पहुंचे थे। गुरनाम सिंह ने कहा कि ये सातवां सहज पाठ था, जो शहीद किसानों के लिए रखा गया था।
एक सवाल के जबाव में गुरनाम सिंह ने कहा कि किसी भी किसान ने ऑक्सीजन सप्लाई नहीं रोकी है। ये सिर्फ सरकारों की चाल है। दिल्ली बॉर्डर पर छह जगह किसान बैठे हैं और धरना इसी तरह से जारी रहेगा। गुरनाम सिंह ने कहा कि पिछले लंबे समय से धरना चल रहा है लेकिन किसी भी किसान की मौत कोरोना से नहीं हुई है। केंद्र सरकार किसानों के साथ मोर्चा खोल कर बैठी है लेकिन देश में महामारी को काबू नहीं कर पा रही है। बेड से लेकर ऑक्सीजन तक उपलब्ध नहीं है। किसान आंदोलन किसी भी सूरत में खत्म नहीं होगा, किसान अपना हक लेकर उठेंगे।
शरारती तत्वों के कारण संसद घेरने का कार्यक्रम रद
गुरनाम सिंह ने कहा कि कुछ कारणों से संसद घेरने का प्रोग्राम रद किया गया है। किसान नहीं चाहते की 26 जनवरी वाली घटना फिर से हो। शरारती तत्व इस तरह के प्रोग्राम में घुसकर आंदोलन खराब कर सकते हैं। गुरनाम सिंह ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण चलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब ही नहीं बल्कि पूरे देश से किसानों को समर्थन मिल रहा है ये लड़ाई जरूरत जीती जाएगी।