मोहाली के इंडस अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर में धमाका, सुपरिवाइजर घायल, बाजू फ्रैक्चर
मोहाली स्थित इंडस अस्पताल में मेडिकल ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी इसलिए उसे अस्पताल से बाहर रखा था तभी उसमें अचानक धमाका हो गया और अस्पताल का सुपरिवाइजर इसकी चपेट में आ गया।
जागरण संवाददाता, मोहाली। शहर के फेज-3बी2 स्थित इंडस अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन गैस सिलेंडर में अचानक धमाका हो गया। इस घटना में अस्पताल का सुपरिवाइजर जख्मी हो गया। घायल की पहचान सतविंदर सिंह के तौर पर हुई है जो खरड़ का रहने वाला है। धमाका इतना ज्यादा था कि हादसे के बाद सतविंदर सिंह हाथों से खून बहने लगा। घायल सतविंदर को तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सतविंदर की बाजू में फ्रैक्चर आया है। जिसका इलाज किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार घटना वीरवार देर शाम की है। शाम करीब छब बजे सतविंदर सिंह इंडस अस्पताल के मेन गेट पर सिक्योरिटी गार्ड के पास कुर्सी पर बैठाकर बातचीत कर रहा था। अस्पताल में सुबह से ही ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लीक हो रहा था, जिसके बारे में सुपरिवाइजर सतविंदर सिंह ने ऑक्सीजन गैस सिलेंडर को मेंनटेंस टीम को इसे ठीक करने के लिए बुलाया था। बावजूद देर शाम तक उसे ठीक करने के लिए कोई नहीं पहुंचा था। जिस कारण लीक हो रहे ऑक्सीजन गैस सिलेंडर को अस्प्ताल के गेट के बाहर रखा हुआ था। 6 बजे अचानक सिलेंडर फट गया और सतविंदर सिंह काफी नजदीक होने के कारण चपेट में आ गए। हादसे में सतविंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं गनीमत यह रही कि सिक्योरिटी गार्ड बच गया।
वहीं, मटौर थाने के एसएचओ मनफूल सिंह व फॉयर ब्रिगेड के अधिकारियों से मिली जानकारी अनुसार इंडस अस्पताल के स्टाफ ने किसी ने भी ऑक्सीजन गैस सिलेंडर फटने की जानकारी नहीं दी। अस्पताल प्रबंधकों की ओर से मामले को छुपाया जा रहा था। बाद में पुलिस को सूचना मिलने के बाद घायल के बयान लेने के लिए पुलिस टीम इंडस अस्पताल पहुंची थी, जहां उसके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी थी।