मांगें पूरी नहीं होने पर इंटक ने फूंका UT Administration का पुतला Chandigarh News
नगर निगम के सामने इंटक के आह्वान पर चंडीगढ़ सबॉर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन समेत सभी सरकारी और गैर सरकारी यूनियनों के हजारों कर्मचारियों और मजदूरों ने यूटी प्रशासन का पुतला फूंका।
जेएनएन, चंडीगढ़। नगर निगम के सामने इंटक के आह्वान पर चंडीगढ़ सबॉर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन समेत सभी सरकारी और गैर सरकारी यूनियनों के हजारों कर्मचारियों और मजदूरों ने प्रशासन का पुतला फूंका। सरकार को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कर्मचारियों और मजदूरों की मांगों को नहीं माना गया तो हर हफ्ते पुतला फूंका जाएगा और फिर भी समाधान नहीं निकलता तो 17 दिसंबर को एक विशाल रैली कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
इंटक प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ ने कहा कि सरकार और प्रशासन कर्मचारियों और मजदूरों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। उनका शोषण हो रहा है। कर्मचारियों की किसी कर्मचारी की मौत पर उसके परिजनों को नौकरी दी जाए, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की पॉलिसी बनाई जाए आदि मांगें हैं। मांगों के लिए बुधवार को नगर निगम के बाहर एक दिन की भूख हड़ताल की गई।
नसीब जाखड़ ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का हल करवाने के लिए इंटक चंडीगढ़ गवर्नर समेत सभी विभागों के एचओडी को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन वार्ता के लिए अभी नहीं बुलाया गया। यह भी फैसला लिया गया कि अगर मजदूरों और कर्मचारियों की मांगों का कोई हल नहीं निकला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ये रहे माैजूद
इस मौके पर महिला इंटक की प्रदेश अध्यक्षा सरबजीत धनोआ, चंडीगढ़ सबॉर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन के प्रधान चरणजीत सिंह, राकेश कुमार अश्वनी कुमार, प्रेस प्रवक्ता रणजीत मिश्र, किशोरी लाल, महा सचिव हरीश छाबड़ा, राजाराम, लालजीत, दविंद्र राणा, सुरेश कुमार, रामफल, अनिल कुमार, हरजिंदर सिंह, हरवंश सैनी, श्रवण कुमार मौजूद रहे।