Weather Update : ट्राईसिटी में सुबह पड़ी घनी धुंध, बर्फीली हवाओं में ठिठुरे शहरवासी Chandigarh News
सुबह 830 बजे शहर में 150 मीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई। वही 900 बजे यह विजिबिलिटी 900 मीटर तक पहुंच गई। कम विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
चंडीगढ़ [राजन सैनी]। अब तक शहर में केवल सुबह और शाम हल्की धुंध ही देखने को मिल रही थी। लेकिन सोमवार सुबह जैसे ही लोग अपने बिस्तर से उठे तो घनी धुंध चारों तरफ फैली हुई थी। दोपहर 1:00 बजे भी धूप का नामोनिशान तक नहीं है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। सोमवार सुबह 8:30 बजे शहर में 150 मीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई। वही 9:00 बजे यह विजिबिलिटी 900 मीटर तक पहुंच गई। कम विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
सुखना लेक और पार्क हुए सूने, लोग कर रहे गर्म कपड़ों की खरीददारी
शहर का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक हफ्ते के अंदर तापमान में अचानक आई गिरावट की मुख्य वजह पहाड़ी इलाकों से चल रही बर्फीली हवाओं को माना जा रहा है। ठंड का आलम यह है कि लोग अपने घर से बाहर निकलने में गुरेज कर रहे हैं। शहर के पार्कों, सुखना लेक और रोज गार्डन में भी भीड़ न के बराबर है। वहीं शहर के बाजारों में लोग जमकर ऊनी कपड़ों की खरीददारी करते दिखाई दे रहे हैं।
पहाड़ी इलाकों की ठंडी हवाओं से गिरा शहर का पारा
इससे पहले रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि अभी पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और हवा चल रही है। जिसकी वजह से वहां से आने वाली ठंडी हवाओं से शहर का तापमान कम हो गया है और ठंड बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार और मंगलवार को सुबह, शाम धुंध छाने के साथ न्यनूतम तापमान आठ डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं बुधवार को बादल छाने की उम्मीद है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें