अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर मिला व्यक्ति का शव, दशहरा मेला देखने गया था बलविंदर, अगले दिन मिली लाश
जांच अधिकारी एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि जवाहरपुर से पहले फ्लाइंग फ्लावर नर्सरी के लोगों ने पुलिस को सूचित किया कि उनके यहां एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित डेराबस्सी के गांव जवाहरपुर के पास एक शव मिला है। जवारहपुर गांव की नर्सरी में शनिवार सुबह एक व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नर्सरी में काम करने वाले कर्मचारियों की नजर बेसुध पड़े व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, पुलिस के आने पर लोगों ने शव की पहचान की। मृतक की पहचान गांव जवाहरपुर के रहने वाले 46 वर्षीय बलविंदर सिंह पुत्र मेवा सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआइ कुलदीप सिंह ने बताया कि जवाहरपुर से पहले फ्लाइंग फ्लावर नर्सरी के लोगों ने पुलिस को सूचित किया कि उनके यहां एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद सामने आया कि शव बलविंदर सिंह जो की गांव जवाहरपुर का है।
बलविंदर के भाई कुलविंदर सिंह के अनुसार बलविंदर दशहरा मेला के लिए घर से निकला था, लेकिन वह उस रात घर नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि बलविंदर नशे का आदि था। वह शराब पीता था। इस वजह से घरवालों को लगा कि वह किसी के घर चला गया होगा और अगले दिन घर वापस आ जाएगा। वहीं, शनिवार सुबह उसका शव बरामद हुआ है। एएसआइ कुलदीप सिंह के अनुसार शव के पास से पानी की एक बोतल भी बरामद हुई है। माना जा रहा है कि ज्यादा शराब पीने से बलविंदर की तबीयत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। बलविंदर के परिवार में उसकी पत्नी, बेटा और बेटी है। पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया।