चंडीगढ़ की सुखना लेक में मिला व्यक्ति का तैरता शव, पुलिस ने जीएमसीएच-16 की मोर्चरी में रखवाया, अभी पहचान नहीं
चंडीगढ़ की सुखना लेक के पानी में एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई देख वहां हड़कंप मच गया। लोगों की जैसे ही नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। पुलिस ने लाश को पानी से बाहर निकाला। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ की सुखना लेक में एक व्यक्ति का शव मिला है। सुबह नौ बजे के करीब लोगों ने शव पानी पर तैरता हुआ देखा गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-3 थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अभी तक मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 38 से 40 वर्ष के बीच है।
सेक्टर 3 थाना पुलिस ने मामले में डीडीआर दर्ज की है। वहीं व्यक्ति की पहचान करने के लिए आसपास के एरिया में पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्यक्ति ने आत्महत्या की है या किसी हत्या के बाद शव को सुखना लेक में फेंका है।
बता दें कि बीते दिनों चंडीगढ़ में हुई तेज बरसात के बाद सुखना लेक पर पानी का स्तर बढ़ गया है। इसके चलते शव पानी के बहाव में बहता हुआ किनारे पहुंच गया था। शव पानी की वजह से फूल गया था, जिस वजह से वह तैरात हुआ किनारे आ पहुंचा।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 स्थित जीएमसीएच की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि गत 28 मई को लुधियाना के साहनेवाल के एक युवक ने भी बोटिंग करते हुए पानी में छलांग लगा आत्महत्या की थी।