हिमाचल व उत्तराखंड के लिए भी शुरू होगी सीटीयू बस सर्विस, रूट प्लान किया जा रहा तैयार
पंजाब-हरियाणा के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के लिए भी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस सर्विस शुरू होगी। इन राज्यों के प्रमुख रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। सीटीयू अभी चुनिंदा रूट पर ही बस सर्विस शुरू करेगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब-हरियाणा के बाद हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों के लिए भी चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) की बस सर्विस शुरू होगी। इन राज्यों के प्रमुख रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। सीटीयू अभी चुनिंदा रूट पर ही बस सर्विस शुरू करेगी। यह बस सर्विस एक अक्टूबर से शुरू हो सकती है। इस पर अंतिम फैसला बुधवार को वार रूम मीटिंग में होगा।
इन राज्यों से अभी बस सर्विस के लिए मंजूरी भी नहीं आई है। बताया जा रहा है कि एक अक्तूबर तक एनओसी मिलने के बाद बस सर्विस शुरू हो सकती है। हालांकि इन राज्यों के लिए बस चलने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। दोनों आइएसबीटी के इंक्वायरी काउंटर और फोन सेवा पर रोजाना सैकड़ों कॉल आ रही हैं। इसको देखते हुए चुनिंदा रूट से इन राज्यों में भी बस सेवा फिर से बहाल करने की तैयारी अधिकारियों ने शुरू कर दी हैं। रूट प्लान और बस टाइमिंग तय की जा रही है।
छह महीने बाद 16 सितंबर से सीटीयू ने पंजाब और हरियाणा के 16 रूटों पर बस सर्विस शुरू की थी। हालांकि अभी बसें 50 फीसद क्षमता के साथ ही चलाई जा रही हैं। अभी आगे भी बसें इतनी ही पैसेंजर क्षमता के साथ चलेंगी। पंजाब और हरियाणा के रूट पर पैसेंजर लोड को देखते हुए इन रूट पर बस संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही कई अन्य शहरों के लिए भी बस सर्विस शुरू होगी। हरियाणा रोडवेज की बसें भी अब किसी दूसरे राज्य में नहीं जा रही हैं। यह बसें दिल्ली में भी कुंडली बॉर्डर पर छोड़ रही हैं। दिल्ली में दाखिल नहीं हो रही हैं। सीटीयू भी कुंडली बॉर्डर तक बस सर्विस देगी। चंडीगढ़ में बसें दाखिल नहीं होंगी।