चंडीगढ़ में ओमिक्रोन के पहले केस से हड़कंप, शहर से सटे पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में भी बढ़ी टेंशन
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक ओमिक्रोन तेजी से फैलता है। ऐसे में इन राज्यों में भी नए वैरिएंट का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल इन तीनों राज्यों में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का केस नहीं मिला है। चंडीगढ़ में मिले युवक में कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं थे।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन (Omicron) का पहला मामला मिलने से शहर में हड़कंप मच गया है। नए वैरिएंट से संक्रमित 20 वर्षीय युवक के पॉजिटिव पाए जाने से शहरवासियों के साथ स्वास्थ्य विभाग की टेंशन भी बढ़ गई है। चंडीगढ़ के साथ पंचकूला और मोहाली के स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में अब चंडीगढ़ के साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में भी खतरा बढ़ गया है। क्योंकि सभी राज्य चंडीगढ़ के साथ सटे हुए हैं। वहीं, हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में विदेश से आने वाले लोग चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर ही लैंड करते हैं। ऐसे में विदेश से आने वाले यात्रियों की चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ में ओमिक्रोन की एंट्री, इटली से आया 20 साल का युवक निकला पाजिटिव
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक ओमिक्रोन तेजी से फैलता है। ऐसे में इन राज्यों में भी नए वैरिएंट का खतरा बढ़ गया है। फिलहाल इन तीनों राज्यों में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट का केस नहीं मिला है। चंडीगढ़ में मिले युवक में कोरोना से जुड़ा कोई भी लक्षण नहीं था। इससे चिंता ज्यादा बढ़ गई हैं, क्योंकि विदेश से आने पर युवक का प्रोटोकॉल के तहत टेस्ट किया गया था, जिसके बाद इसका पता चला। युवक इटली से शहर आया था, हालांकि युवक को इटली में फाइजर कोविड वैक्सीन की दोनों डोज भी लग चुकी है।
चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा की राजधानी है। ऐसे में दोनों ही जगहों की राज्य सरकारों के सभी बड़े ऑफिस चंडीगढ़ में ही हैं। अफसरों से लेकर नेताओं की बेरोकटोक आवाजाही रहती है। ऐसे में अगर चंडीगढ़ में ओमिक्रॉन वैरिएंट फैला तो फिर यह खतरा और बढ़ सकता है। वहीं, चंडीगढ़ से बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रुख करते हैं। वीकेंड पर बड़े पैमाने में शहरवासी शिमला घूमने जाते हैं। वहीं, अब क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए बड़ी संख्या में चंडीगढ़ मोहाली और पंचकूला से लोग पहाड़ों का रूख करते हैं। ऐसे में वायरस के फैलने का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।