चंडीगढ़ में भाजपा पार्षद और आप कार्यकर्ताओं के बीच विवाद, एक-दूसरे को खूब दी गालियां, Video Viral
रामदरबार में स्थानीय वार्ड पार्षद भरत कुमार और चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली गलौच के साथ हाथापाई की नौबत भी आई। पार्षद और आप कार्यकर्ताओं की आपस में जमकर तू-तू मैं-मैं हुई जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
चंडीगढ़, जेएनएन। रामदरबार में स्थानीय वार्ड पार्षद भरत कुमार और चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली गलौच के साथ हाथापाई की नौबत भी आई। पार्षद और आप कार्यकर्ताओं की आपस में जमकर तू-तू मैं-मैं हुई, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वीडियो में भाजपा पार्षद भरत कुमार और आप कार्यकर्ता एक-दूसरे को अपशब्द बोल रहे हैं। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है।
दरअसल यह पूरा विवाद रामदरबार में रिहायशी इलाके में छोटे पार्कों की ब्यूटीफिकेशन के लिए ठेकेदार द्वारा गटका डालने के काम से शुरू हुआ। कुछ स्थानीय लोगों और आम आदर्मी कार्यकर्ताओं ने घटिया सामग्री डालने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। मौके पर वार्ड पार्षद भरत कुमार पहुंच गए। वार्ड पार्षद ने बहस करने के बाद काम शुरू करवाया।
पार्षद पर आरोप है कि जब उक्त घटनाक्रम का वीडियो बनाया जा रहा था तो पार्षद ने मोबाइल छीनने कोशिश की। गटका डालने के लिए ठेकेदार नगर निगम के प्लांट से लाई गई सामग्री ही डाली जा रही है। इस प्लांट में बिल्डिंग वेस्ट से गटके के लिए सामग्री डाली जा रही है। मौके पर जो आप नेता सतीश मचल, रवि कुमार ,कृष्ण कुमार और कुलविंदर यादव और सीनियर नेता प्रिंसिपल रमेश टॉक भी मौजूद थे। इन नेताओं का आरोप है कि पार्षद भरत कुमार ने उन्हें पागल भी कहा है। वहीं, पार्षद ने आरोप लगाया कि जहां भी काम शुरू करवाया जाता हैं यह लोग वहां टांग अड़ाने के लिए पहुंच जाते हैं। आप नेताओं का आरोप है कुलविंदर यादव जो वीडियो बना रहा था उसको भरत कुमार ने गाली दी और उसके ऊपर हाथ भी उठाया। पार्षद भरत कुमार ने वहां मौजूद मोहल्ला निवासी कृष्ण कुमार को भी भला बुरा कहा।
भाजपा पार्षद भरत कुमार का आरोप है कि आप के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदतमीजी की है। गाली-गलौच की। एसडीओ के फोन आने के बाद वह मौके पर गए और काम न रुकवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर घटिया सामग्री डाली जा रही है तो वह खुद चीफ इंजीनियर के साथ जाकर जांच की मांग करेंगे, लेकिन वह लोग नहीं माने। जब भी कोई नया काम शुरू होता है तो आप और कांग्रेस के नेताओं का प्रयास रहता है कि काम को रूकवाया जाए ताकि आने वाले नगर निगम चुनाव में इसे मुद्दा बनाया जा जा सके।यह लाेग सिर्फ शाेर डालना ही जानते हैं। आप कार्यकर्ता उनकी पार्टी के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे, जिस कारण माहौल थोड़ा गर्म हो गया।