सत्ता में आई कांग्रेस 34 वादों पर करेगी काम
मोहाली नगर निगम की सत्ता अब कांग्रेस के हाथ में है। चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस ने 34 सूत्री घोषणा पत्र जारी किया था।
जागरण संवाददाता, मोहाली : मोहाली नगर निगम की सत्ता अब कांग्रेस के हाथ में है। चुनाव परिणाम से पहले कांग्रेस ने 34 सूत्री घोषणा पत्र जारी किया था। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में हर वर्ग का दिल जीतने की कोशिश की है। अब सत्ता में आने के बाद कांग्रेस इन सभी वादों को पूरा करने का दावा कर रही है। मोहाली के वार्ड-10 से जीते सेहत मंत्री के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि मेयर व अन्य पदों को लेकर जल्द हर पार्टी हाईकमान फैसला लेगी। लेकिन जनता के साथ जो वादे किए गए हैं वे सभी पूरे किए जाएंगे। कांग्रेस ने अपने वादों में शहर के सभी बाजारों में जहां मुफ्त वाई-फाई उपलब्ध करवाने की बात कही गई है। वहीं, नीड बेस्ड पॉलिसी, सिटी बस सर्विस, बेसहारा पशुओं से मुक्ति के लिए नई गोशाला, एक नए बस स्टैंड के निर्माण तक का दावा किया है। इसके अलावा इंडस्ट्री को कुशल श्रमिक देने के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है।
चुनावी घोषणा पत्र का शीर्षक 'साड्डा सपना-साड्डा विश्वास, मोहाली का मुकम्मल विकास' दिया गया है। अब कांग्रेस मोहाली के लोगों की लंबे समय से चली आ रही नीड बेस्ड पॉलिसी लागू करवाएगी और कामर्शियल बूथ और बे-शॉप्स में पहली मंजिल के निर्माण की अनुमति दिलाई जाएगी। इसके साथ ही लोगों की सुविधा के लिए सिटी बस सर्विस या कोई अन्य विकल्प दिया जाएगा। नए बस स्टैंड का निर्माण एक उपयुक्त स्थान पर किया जाएगा, जिससे मोहाली शहर और पूरे पंजाब से यहां आने वाले लोगों को असुविधाओं से छुटकारा दिलाया जा सके। एक नया सिविल अस्पताल भी बनाया जाएगा और सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने के अलावा, नए मॉडल स्कूल भी खोले जाएंगे।
इसके अलावा सरकारी स्कूलों में किडरगार्टन/प्री-प्राइमरी कक्षा की सुविधाएं भी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि गमाडा के तहत स्पोर्ट्स स्टेडियमों को नगर निगम के दायरे में लाया जाएगा। इन स्पोर्ट्स स्टेडियमों की सभी सुविधाएं छोटे बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को मामूली शुल्क पर प्रदान की जाएंगी। बच्चों के लिए नए खेल मैदान भी स्थापित किए जाएंगे। मोहाली के फायर स्टेशन को अपग्रेड करने के साथ-साथ आवश्यकताओं के अनुसार नए फायर ब्रिगेड केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि शहर के हर नुक्कड़ पर आग बुझाने की सुविधा तुरंत उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध रोकने के लिए सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनसे यातायात को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। मोहाली के बाजारों को सुंदर बनाने के अलावा, वहां आने वाले ग्राहकों को मुफ्त वाई-फाई सेवा प्रदान की जाएगी। उद्योगपतियों को कुशल श्रमिक उपलब्ध कराने के लिए, मोहाली में एक अत्याधुनिक कौशल संस्थान, विकास संस्थान स्थापित किया जाएगा, जो युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाएगा। सड़कों की रीकार्पेटिग नई तकनीक से की जाएगी, जिससे सड़कों का स्तर एक जैसा रहे। 10.50 एकड़ भूमि पर एक नई गोशाला एक एनजीओ की ओर से स्थापित की जाएगी। यहां पर अलग से कुत्तों की देखभाल के लिए भी सुविधा प्रदान की जाएगी। शहर के कचरे और कचरे के निपटान के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे यहां के पर्यावरण को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके। उन्होंने कहा कि शहर को पालीथिन मुक्त बनाने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएंगे।