आप ने लगाए कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा पर केंद्र सरकार की जमीन अपने नाम पर करवाने के आरोप
आम आदमी पार्टी के भुलत्थ हलका प्रभारी रणजीत सिंह राणा ने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा पर केंद्र सरकार की जमीन अपने नाम करने का आरोप लगाया है। कहा कि खैहरा ने यह जमीन वर्ष 2015-16 में अपने नाम करवाई।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भुलत्थ से कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा पर अब केंद्र सरकार की जमीन अपने नाम करवाने का आरोप लगा है। यह आरोप उन्हीं के विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज रणजीत सिंह राणा ने लगाया है।
राणा के बेटे एडवोकेट हरसिमरन घुम्मन ने कहा कि जालंधर जिले के गांव कंडियाली जमीन 1965 से लेकर के 1976 तक केंद्र सरकार के नाम पर थी। इस जमीन को सुखपाल सिंह खैहरा ने 2015-2016 के दौरान अपने नाम पर करवा लिया।
एडवोकेट हरसिमरन ने कहा कि सुखपाल सिंह खैहरा का मुख्य कारोबार पंजाब के मुद्दों को उठाकर विदेशों में बैठे पंजाबियों से पैसा एकत्रित करने का है। खैहरा पंजाब में बयान देते हैं और उनके एजेंट जो कि विदेशों में बैठे हैं वहां पर पंजाबियों को उन बयानों को दिखाकर यह संदेश देते हैं कि खैहरा पंजाब के जुझारू नेता हैं ऐसा करके वह पैसा एकत्रित करते हैं।
एडवोकेट हरसिमरन ने यह भी आरोप लगाया कि सुखपाल खैहरा ने पंचायती जमीन पर भी कब्जा किया हुआ है इसका खुलासा वह जल्द ही करेंगे।
बता दें, विदेशों से आने वाले पैसे को लेकर इंफोर्समेंट डायरेकटोरेट (ईडी) ने भी खैहरा पर मामला दर्ज किया था। विधानसभा चुनाव से पहले ही उन्हें जमानत मिली थी। यहां बता देना आवश्यक है कि रणजीत सिंह राणा और सुखपाल खैहरा के बीच लंबे समय से सियासी खींचतान चल रही है। राणा पहले कांग्रेस में ही थे, लेकिन आजकल वह आम आदमी पार्टी में है।
वहीं, सुखपाल सिंह खैहरा 2017 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में थे, लेकिन बाद में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार के दौरान आम आदमी पार्टी ने सुखपाल सिंह खैहरा को नेता प्रतिपक्ष बनाया था, लेकिन कुछ ही समय बाद आम आदमी पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष के पद से हटा दिया।
नेता प्रतिपक्ष पद से हटाए जाने के बाद सुखपाल सिंह खैहरा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपना लिए। बाद में खैहरा ने फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया और भुलत्थ विधानसभा सीट से जीत दर्ज की।