शुक्रवार से फिर करवट लेगा मौसम, छाएंगे बादल
दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही ठंड बढ़ने का सिलसिला तेज हो गया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ :
दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही ठंड बढ़ने का सिलसिला तेज हो गया है। शहर के न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।
इस बीच अनुमान है कि कई दिनों की धूप के बाद शहर में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। शुक्रवार को आसमान में एक बार फिर से बादल दिखाई दे सकते हैं। लेकिन अधिकतम तापमान में कमी आने के आसार कम है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि हरियाणा और पंजाब में आने वाले दिनों में धुंध छा सकती है। शहर में मंगलवार को सुबह से ही धूप निकली रही। लोग सुबह पार्काें और सुखना लेक पर सैर करते हुए दिखाई दिए। इस बीच शहर का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य ही रहा। वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने के बीच मंगलवार को शहर के बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।
सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि भले ही शुक्रवार से आसमान पर एक बार फिर बाद छा सकते हैं, लेकिन अधिकतम तापमान 24 और 25 डिग्री के करीब ही रह सकता है। हालांकि इस दौरान बारिश होने के आसार बेहद कम हैं। मगर मौसम के अचानक करवट बदलने से न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। यदि ऐसा हुआ तो ठंड बढ़नी स्वाभाविक है। रात के वक्त धुंध के बीच ड्राइविंग के मामले में बरतें सावधानी
सुरेंद्रपाल शर्मा ने बताया कि ने बताया कि वर्तमान में मौसम के रुख को देखते हुए खास तौर से रात के समय ट्राईसिटी में भी धुंध छाने की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया जा सकता। यदि ऐसा हुआ तो लोगों को रात के समय धुंध के बीच ड्राइविंग करने के मामले में सावधानी बरतने की ओर ध्यान देना जरूरी है। इस मामले में लापरवाही की स्थिति में हादसे हो सकते हैं।