चंडीगढ़ का Rock Garden तो खुला, लेकिन नियम और कायदे भूले पर्यटक, बिना मास्क सेल्फी और ग्रुप फोटो की होड़
विश्व विख्यात चंडीगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल रॉक गार्डन बुधवार से पर्यटकों के लिए खुल गया। पहले दिन कम ही पर्यटक रॉक गार्डन पहुंचे। बावजूद गार्डन में एंट्री करने के बाद लोग कोरोना नियम भूल गए और मास्क और शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ का रॉक गार्डन (Chandigarh Rock Garden) 92 दिनों के बाद पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। ऐसे में रॉक गार्डन में मास्क और उचित दूरी जैसे नियमों के बिना एंट्री नहीं हो रही। इनका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। बावजूद गार्डन में एंट्री होते ही पर्यटक नियम व कायदे भूल रहे हैं। अंदर जाते ही बिना मास्क सेल्फी का खेल शुरू हो जाता है। ग्रुप फोटो भी करवाई जा रही हैं।
लापरवाही की कुछ ऐसी झलकियां गार्डन के खुलते ही पहले दिन बुधवार को भी देखने को मिली। कई पर्यटक मास्क नाम के लिए लगाते हैं, नाक इसमें कवर नहीं करते। लेकिन शायद यह सभी भूल रहे हैं ऐसा करना खतरे को सीधे निमंत्रण देने जैसा है। पर्यटन स्थलों पर ऐसी लापरवाही भारी पड़ सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए दिन इसके बारे में अलर्ट कर रहे हैं। गवर्नमेंट ऑफ इंडिया ने भी इसको लेकर विशेष गाइडलाइंस जारी की हैं। बावजूद इसके पर्यटक नहीं मान रहे।
रॉक गार्डन खुला लेकिन वॉटर फॉल बंद
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को रॉक गार्डन खोलने की ओदश दिए थे। आदेश होते ही अगले दिन बुधवार सुबह रॉक गार्डन को खोल भी दिया गया। गार्डन को बिना तैयारियों के ही खोल दिया गया। पहले दिन वाटर फॉल को बंद रखा गया। साथ ही बरसात के सीजन में पत्थरों पर जगह-जगह घास उग आई है। इतना ही नहीं वाटर फॉल पर भी बड़ी-बड़ी घास उग आई है। ऐसा लगता है बंद रहने के दौरान इसका ध्यान नहीं रखा गया। मेंटनेंस वर्क बंद रखे गए। इसके अलावा रास्तों में भी गंदगी नजर आई। रॉक गार्डन का ऐसा हाल देखकर कई पर्यटकों को निराशा हुई। साथ ही वाटर फॉल नहीं चलने से वह इसे देख ही नहीं पाए।
अभी भीड़ कम
विश्व विख्यात चंडीगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल बुधवार से पर्यटकों के लिए दोबारा से खुल गया। 92 दिन बाद रॉक गार्डन खुलने पर पर्यटक इसका दीदार करने पहुंच रहे हैं। मास्क और उचित दूरी के साथ पर्यटकों को गार्डन में एंट्री दी जा रही है। दिनभर पर्यटकों की आवाजाही है। हालांकि पहला दिन होने की वजह से बुधवार को रॉक गार्डन में उतनी भीड़ नहीं रही जितनी अमूमन होती रही है। वीकेंड पर ऐसी भीड़ दोबारा हो सकती है।