Chandigarh Weather Update: बारिश से कम हुई गर्मी, सुबह के समय तापमान भी आई भारी गिरावट
Chandigarh Weather Update बारिश की वजह से जहां एक और मौसम में बदलाव हो रहा है वही तापमान में भी काफी गिरावट देखने को मिल रही है। जहां एक और रात के समय तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है
जासं, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार वीरवार काे भी शहर में बारिश के आसार बने हुए हैं। अल सुबह से ही बादल छाए रहने के साथ ही बारिश भी हो रही है। बीते बुधवार भी दोपहर 1 बजे के बाद एकाएक बारिश शुरू हुई थी जिसने गर्मी से लोगों को निजात दी। मानसून सीजन लगभग खत्म हो चुका है ऐसे में बारिश मौसम में होने वाले बदलाव की वजह होगी।
बारिश की वजह से जहां एक और मौसम में बदलाव हो रहा है वही तापमान में भी काफी गिरावट देखने को मिल रही है। जहां एक और रात के समय तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा रहा है, वही सुबह के समय तापमान 25 डिग्री के आसपास है। खबर लिखे जाने तक का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और हल्की बारिश हो रही है।
बीते सोमवार भी रात के समय कुछेक इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़े थे। वही मंगलवार देर रात और बुधवार दोपहर के समय और रात में हुई बारिश ने मौसम में ठंडक बना दी है। शहर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है और कभी भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष मानसून कमजोर ही रहा है और इन अंतिम दिनों में जो भी बारिश हो रही है उससे थोड़ा फायदा ही होगा। आज दिन में शहर का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। चंडीगढ़ मौसम विभाग की माने तो इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल में देखने को मिलेगा।
बीते दिनों में 27 एमएम हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार चंडीगढ़ में बीते दिनों में 27 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट रोड पर भी 38 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। बुधवार रात भी काफी बारिश हुई है हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अभी इस बारिश को नहीं मापा गया है लेकिन अंदाजा लगाया जा रहा है कि 11 से 15 एमएम बारिश हुई होगी।
5 सितंबर तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर तक चंडीगढ़ और उसके आसपास बारिश के आसार बने हुए हैं। शहर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने की वजह से कभी भी बारिश हो सकती है। इस दौरान शहर के कुछ हिस्सों में तेज तो कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।