ठंड का टॉर्चर, कोहरे के आगोश में लिपटा चंडीगढ़, विजिबिलिटी 20 मीटर, अभी नहीं मिलेगी ठंड से राहत
Weather in Chandigarh Today चंडीगढ़ में ठंड का टॉर्चर जारी है। सुबह के नौ बज चुके हैं लेकिन धुंध अभी भी कम नहीं हुई है। शहर वासियों को आज भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ में ठंड का टॉर्चर जारी है। सुबह के नौ बज चुके हैं लेकिन धुंध अभी भी कम नहीं हुई है। शहर वासियों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। कई दिनों से शहर में कोहरे के साथ शीतलरह का सितम जारी है। शहर के लोग सूर्यदेव के दर्शन को तरस गए हैं। लोगों को ठंड का प्रकोप आगे भी झेलना पड़ेगा। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से चंडीगढ़ की हवा काफी ठंडी हो गई है और शीतलहर का दौर जारी है। ट्राईसिटी में आने वाले दो दिन शीतलहर जारी रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनवरी में अभी तक केवल चार से पांच दिन ही धूप निकली है। विभाग ने चेतावनी भी जारी की है कि शीतलहर के चलने से तापमान में भी गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो रही है। इसका सीधा असर शहर की हवाओं पर पड़ रहा है। इन दिनों मैदानी इलाके ठंड की चपेट में है। शहरवासियों को फिलहाल आने वाले दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई भी संभावाना नहीं है। अभी ठंड में और बढ़ोतरी होगी और शीतलहर के साथ कोहरे का प्रकोप भी जारी रहेगा। सुबह नौ बजे शहर का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शहरवासियों के लिए राहत की बात यह है कि आने वाले चार दिनों तक शहर में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। हालांकि विभाग की ओर से 29 जनवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है जिसकी चपेट में चंडीगढ़ सहित हरियाणा और पंजाब भी आएगा। विभाग की ओर से 29-31 जनवरी तक शहर के मौसम में एक बार फिर से बदलाव के संकेत दिए है। अगर ऐसे में बारिश होती है तो शहर को लोगों को फिर से ठंड का सितम झेलना पड़ सकता है।