Chandigarh Weather: बारिश थमी धूप खिली, अब धुंध बढ़ाएगी परेशानी
पहाड़ों में इन दिनों जमकर बर्फबारी हो रही है। इसका असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। वहीं शहर में बीते दो तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद बुधवार को धुप निकली है। इससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है।
चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में बीते दो-तीन दिन से जारी बारिश का दौर एक बार थम गया है। बुधवार सुबह की शुरुआत बादलों और सूरज की आंखमिचौली के साथ हुई। सुबह खिली हल्की धूप से शहरवासियों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली है। मंगलवार देर रात हुई बारिश के बाद बुधवार को तापमान भी बढ़ गया। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान के मुकाबले 9 डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अभी सक्रिय है। वीरवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान चंडीगढ़ में एक बार फिर शीतलहर लोगों को परेशान करेगी। पंजाब व हरियाणा के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा धुंध भी लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
हिमचाल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का अस मैदानी क्षेत्रों में दिखने लगा है। पहाड़ी पर बारिश और हिमपात की वजह से पंजाब, हरियाणा सहित चंडीगढ़ में शीतलहर है। वहीं, बुधवार को मौसम के खुलने से शहर के पयर्टन स्थलों पर भी लोगों की खासी भीड़ देखी गई। खिली धूप को देखकर सुखना लेक पर सैर करने के लिए सुबह-सुबह काफी लोग पहुंचे थे। इसके शहर के अन्य पार्कों में भी लोग धूप सेंकते हुए नजर आए।
मौसम साफ होेने का असर शहर के बाजारों में भी देखने को मिला। शहर के ज्यादातर बाजारों में दो तीन दिन बाद लोगों की भीड़ देखी गई। खासकर सेक्टर -17 के प्लाजा में, सेक्टर -22 की शास्त्री मार्किट में, सेक्टर -19 के बाजार में और एलांते माल में भीड़ देखी गई। दरअसल ज्यादातर शोरूमों में इन दिनों न्यू एयर और लोहड़ी की सेल चल रही है। जिस वजह से लोग खरीदारी करने में खासा उत्साह दिखा रहे हैं।