मेडिकल ऑक्सीजन की सप्लाई में जुटा चंडीगढ़ सेवा भारती, 9319746019 पर कॉल कर पाएं फ्री सिलेंडर
कोरोना मरीजों के लिए इस समय मेडिकल ऑक्सीजन की सबसे ज्यादा जरूरत है। हालांकि चंडीगढ़ में ऐसी स्थिति नहीं है। बावजूद चंडीगढ़ सेवा भारती जरूरतमंद लोगों के लिए आगे आया है। संस्थान की तरफ से फ्री में ऑक्सीजन सिलेंडर दिचा जाएगा। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
चंडीगढ़, [सुमेश ठाकुर]। चंडीगढ़ प्रशासन की अपील पर चंडीगढ़ सेवा भारती संस्थान ने कोरोना मरीजों को फ्री ऑक्सीजन सिलेंडर देने की पहल की है। यह सिलेंडर कोई भी व्यक्ति दो मई से संस्थान द्वारा हेल्पलाइन पर कॉल करके सेक्टर-29 स्थित कार्यालय से हासिल कर सकता है।
जानकारी देते हुए पंजाब प्रांत के प्रधान अमृत सागर ने बताया कि कोरोना महामारी में हमारा प्रयास है कि मरीजों को बेहतर दवाई और देखभाल के साथ उनकी अन्य जरूरतों को भी पूरा करें। देश भर में ऑक्सीजन की भारी कमी देखने को मिल रही है। हालांकि चंडीगढ़ में ऐसा नहीं है। यदि शहर के किसी भी व्यक्ति को ऑक्सीजन सिलेंडर की जरूरत पड़ती है तो उसे हम मुहैया कराने के लिए तैयार हैं। शहर में स्थापित जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड ने हमें 25 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर दिए हैं जिन्हें भरवाने का काम हम खुद करेंगे। जिसके बाद हम शहर के जरूरतमंद लोगाें को यह सिलेंडर देंगे।
देनी होगी खाली सिलेंडर की कीमत, जो बाद में वापस होगी
चंडीगढ़ प्रांत के इंचार्ज गिरधाीर लाल जिंदल ने बताया कि हम ऑक्सीजन भरवाने के लिए मरीज को फ्री सिलेंडर मुहैया करवाएंगे लेकिन हम सिलेंडर की कीमत रिफंडएबल अमाउंट के रूप में चार्ज करेंगे। गिरधारी लाल जिंदल ने बताया कि यह अमाउंट में सबंधित व्यक्ति को सिलेंडर मिलने के बाद वापस भी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई सिलेंडर वापस नहीं करता तो हमें उसकी कीमत कंपनी को देनी होगी।
चंडीगढ़ के लोगों को मिलेगा सिलेंडर
अमृत सागर ने बताया कि सिलेंडर की सुविधा अभी चंडीगढ़ के लाेगों के लिए शुरू की है। जिसे भी सिलेंडर चाहिए वह हमारे हेल्पलाइन नंबर 9319746019 पर कॉल करके बुकिंग करवा सकता है। उसके बाद जब सिलेंडर के लिए वह सेक्टर-29 के कार्यालय में आएगा तो मरीज के कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट और उसके साथ आधार कार्ड की कॉपी लेता आएगा। जिसे देखकर ही हम मरीज को फ्री में ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया करवाएंगे।