चंडीगढ़ पुलिस ने पकड़ी महंगी शराब की बड़ी खेप, ट्रक में 108 पेटी ले जा रहा पंजाब का चालक गिरफ्तार
पुलिस ने ट्रक से स्कॉच की कुल 108 पेटियां बरामद की है। जिन्हें गत्ते के नीचे छुपाया गया था। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपित पंजाब के जिला रोपड़ के गांव बहरामपुर निवासी 45 वर्षीय रंजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस ने शराब तस्करी मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित में एक ट्रक में भरी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। वहीं, पुलिस ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने ट्रक से स्कॉच की कुल 108 पेटियां बरामद की है। जिन्हें गत्ते के नीचे छुपाया गया था। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने आरोपित पंजाब के जिला रोपड़ के गांव बहरामपुर निवासी 45 वर्षीय रंजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने शराब की कुल कीमत तकरीबन 15 लाख रुपये होने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम रतन शर्मा के सुपरविजन में पुलिस की टीम एरिया में पेट्रोलिंग कर रही थी। तभी पुलिस को ट्रक चालक के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। दरअसल पिछले सप्ताह एरिया में गन पॉइंट से एक युवती अपराजिता के साथ लूट की वारदात के बाद एसएसपी के निर्देशानुसार पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। इसी दौरान ट्रक लेकर मॉल के पीछे से निकलते चालक को पुलिस कर्मियों ने रोक लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम रंजीत बताया था। ट्रक चालक ने बताया कि वह एक शराब के ठेके पर 10,000 की सैलरी पर नौकरी करता है।
वहीं, एसएचओ के निर्देशानुसार ट्रक की जांच की गई तो उसमें ऊपर काफी सारे गत्ते भर रखे थे। जबकि गत्तों के नीचे पुलिसकर्मियों ने चेक किया तो शराब की पेटियां रखी गई थी। ट्रक के अंदर बरामद शराब की पेटियों के बारे में चालक के पास कोई भी अनुमति पत्र या लाइसेंस नहीं था। उसके पास पेटियों से जुड़े दस्तावेज के नाम पर कोई जवाब नहीं होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। रात के समय शहर में क्राइम ग्राफ बढ़ता जा रहा है। इसलिए पुलिस गस्त को भी बढ़ा दिया गया। बीती रात एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी। इस घटना में एक होमगार्ड जवान के पेट पर गोली लगी थी।