एएसआइ ने जिप्सी से पीछाकर बाइक को मारी टक्कर, दो युवक घायल
आम तौर पर अपराधियों को घेर कर उन्हें पकड़ने वाली चंडीगढ़ पुलिस अब एक गंभीर आरोप में खुद ही फंसती नजर आ रही है।
जागरण संवाददाता, मोहाली : आम तौर पर अपराधियों को घेर कर उन्हें पकड़ने वाली चंडीगढ़ पुलिस अब एक गंभीर आरोप में खुद ही फंसती नजर आ रही है। यूटी पुलिस के एक एएसआइ पर मोहाली के एक स्टूडेंट दिलप्रीत ढिल्लों ने आरोप लगाया है कि जिप्सी सवार एएसआइ अवतार सिंह ने उसे टक्कर मारकर जान से मारने की कोशिश की। घटना की वीडियो फुटेज शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो गई। इसमें साफ दिखा रहा है कि हूटर मारती चंडीगढ़ पुलिस की जिप्सी मोटरसाइकिल सवार दो युवकों का पीछा कर रही है। जिप्सी ने सेक्टर-78 में बाइक को टक्कर मारी और फिर जिप्सी सवार पुलिस कर्मी वहां से चलता बना। घायल दिलप्रीत ढिल्लों व उसके दोस्त गुरनाम सिंह ने सोहाना थाना पुलिस को शिकायत देकर चंडीगढ़ पुलिस में तैनात एएसआइ अवतार सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ढिल्लों का आरोप है कि वह अपने दोस्त के साथ 23 फरवरी को सेक्टर-78 की मार्केट में सामान लेने जा रहा था। उसी दौरान लाइट प्वाइंट पर उनकी बाइक थोड़ी अनियंत्रित हो गई। इस बीच किसी तरह उन्होंने बाइक को संभाल लिया, जिससे उनकी बाइक एएसआइ अवतार सिंह की गाड़ी से टकराने से बच गई। मगर इसी बात को लेकर उनकी अवतार सिंह के साथ नोकझोंक हुई। अवतार सिंह उनके पीछे पड़ गया। जब वह आगे बढ़े तो जिप्सी सवार अवतार सिंह ने हूटर बजाकर उनका पीछा किया और उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। इस घटना में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए।
उधर, मामले के जांच अधिकारी संजय कुमार के अनुसार एएसआइ अवतार सिंह का सेक्टर-86 में घर है और वह सरकारी गाड़ी में सवार होकर ड्यूटी पर जा रहा था। उक्त युवकों ने रेड लाइट जंप की थी जब अवतार सिंह ने उन्हें रेड लाइट जंप करने का कारण पूछा तो वह उसे अश्लील इशारे कर फरार हो गए। जब वह गाड़ी में उनका पीछा कर रहा था तो युवकों की मोटरसाइकिल फुटपाथ से टकरा गई। इससे वह गिरकर घायल हो गए। घायलों ने 23 फरवरी को थाने में शिकायत दी थी। घटना की सीसीटीवी फुटेज मिली है। जांच में यह बात सामने आई है कि युवकों ने चंडीगढ़ के एएसआइ को अश्लील इशारे किए थे। मामले की जांच जारी है। दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया था। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
- भगवंत सिंह, एसएचओ थाना सोहाना।