मोहाली में भाजपा महिला वर्करों का स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन, किसान संगठनों से आमना-सामना
मोहाली में भाजपा महिला वर्कर्स पार्टी नेताओं पर हो रहे हमलों के विरोध में सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की कोठी को घेरने जा रही थी। फेज-7 की मोटर मार्केट के पास उन्हें पुलिस ने रोक लिया। किसानों को इसकी भनक लग गई और वे भी मौके पर पहुंच गए।
मोहाली, जेएनएन। मोहाली में बुधवार को भाजपा महिला वर्कर व किसान जत्थेबंदिया आमने सामने आ गईं। हालांकि पुलिस की सतर्कता के कारण टकराव टल गया। भाजपा वर्कर पंजाब में पार्टी नेताओं पर हो रहे हमलों के विरोध में सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की कोठी को घेरने जा रही थी। फेज-7 की मोटर मार्केट के पास उन्हें पुलिस ने रोक लिया। इस बीच किसान जत्थेबंदियों को इस की भनक लग गई और वे भी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को एसपी सिटी हरविंदर विर्क ने संभाला। किसानों व भाजपा महिलाओं को समझा बुझा कर वापस भेज दिया गया। विर्क ने कहा कि स्थिति को खराब नहीं होने दिया गया। वहीं, भाजपा महिला नेताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने हाथ में चूडियां ले रखी थी। महिलाएं कैप्टन सरकार से इस्तीफे की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
उधर, भाजपा की नेता तेजिंदर कौर ने कहा कि भाजपा की महिला वर्कर पूरे सूबे में प्रदर्शन कर रही हैं। ये प्रदर्शन भाजपा नेताओं पर हो रहे हमलों के विरोध में किया गया है। कौर ने कहा कि भाजपा नेताओं पर जो हमले हो रहे हैं, वे किसान नहीं कर रहे। ये कांग्रेस की सोची समझी साजिश है। इसका विरोध किया जाएगा। तेजिंदर कौर ने कहा कि किसानों के मुद्दा केंद्र का है, जिसे हल करने के लिए किसानों से बातचीत को केंद्र सरकार तैयार है। कांग्रेस जानबूझकर माहौल खराब कर रही है।
किसानों के मसले हल होने तक प्रदर्शन जारी रहेगा
वहीं, किसान नेता लखविंदर सिंह, जसमेर सिंह ने कहा कि अगर किसानों का मुद्दा केंद्र का है तो इसे हल क्यों नहीं किया जा रहा ? जब तक किसानों के मसले को हल नहीं किया जाता, प्रदर्शन इसी तरह से जारी रहेगा। इस बीच सेहत मंत्री के घर की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस ने पांच जगह पर बैरिकेडिंग की थी।