गर्भवती महिलाओं का कोरोना टेस्ट अनिवार्य, नियम तोड़े तो पंजाब की तरह चंडीगढ़ में भी वीकेंड कर्फ्यू
प्रशासक बीपी सिंह बदनोर ने सभी बॉर्डर पॉइंट पर चंडीगढ़ से बाहर के नंबर वाली गाड़ियों की चेकिंग करने के लिए डीजीपी को सख्त आदेश दिए हैं।
चंडीगढ़ [बलवान करिवाल]। चंडीगढ़ के अस्पतालों में दाखिल गर्भवती महिलाओं का कोरोना टेस्ट अब अनिवार्य हो गया है। इन सभी महिलाओं का अस्पताल में कोरोना वायरस टेस्ट करवाया जाएगा। वीरवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने पंजाब राजभवन में वॉर रूम मीटिंग के दौरान प्रशासन के अधिकारियों को यह आदेश दिए।
इसके अलावा उन्होंने बाहर से आए लोगों के कारण फैल रहे संक्रमण को लेकर सभी बॉर्डर पॉइंट पर चंडीगढ़ से बाहर के नंबर वाली गाड़ियों की चेकिंग करने के लिए डीजीपी को सख्त आदेश दिए हैं। साथ ही, जो लोग क्वारंटाइन और विजिटर्स नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनकी भी मॉनिटरिंग के लिए तीनों को रेंडम चेकिंग के आदेश दिए गए हैं। प्रशासक ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर लोग नहीं माने तो पंजाब की तरह चंडीगढ़ में भी वीकेंड पर कर्फ्यू या लॉकडाउन लगाया जाएगा। पंजाब के इस नियम को चंडीगढ़ में भी अपना लिया जाएगा।
बाहर से आने वालों के लिए वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन पहले से अनिवार्य
चंडीगढ़ प्रशासन ने कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कई कदम उठाए हैं। इसके तहत बाहर से चंडीगढ़ आने वालों को पहले प्रशासन की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके अलावा अगर कोई बाहर से आकर किसी होटल, रिश्तेदार या दोस्त के पास ठहरता है तो उसे 72 घंटे के अंदर इसकी जानकारी प्रशासन को देनी होगी। ऐसा न करने वाले को सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। उसे जेल तक हो सकती है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें