पंचकूला सेक्टर-15 से जुड़ेगा चंडीगढ़ का इंडस्ट्रियल एरिया, ऐसे दूर होगी पीक आवर्स में ट्रैफिक समस्या
सुबह-शाम चंडीगढ़ के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स पर रश होने के कारण अब प्रशासन नई सड़के बनाने की तैयारी में है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण कर लिया गया है।
जासं, चंडीगढ़। शहर की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का बोझ लगातार बढ़ रहा है। मुख्य कारण पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आने वाले वाहन हैं। इसी कारण शहर के सभी एंट्री प्वाइंट सुबह और शाम पीक आवर्स में चोक हो रहे हैं। एंट्री या एग्जिट करने में एक घंटा लग जाता है। इस समस्या को देखते हुए यूटी प्रशासन ने नए विकल्पों पर काम करना शुरू कर दिया है।
नई सड़क के लिए जगह चिह्नित कर अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू
प्रशासन की ओर से तय किया गया है कि मध्य मार्ग के ट्रैफिक को कम करने के लिए पंचकूला से एक अतिरिक्त रोड कनेक्ट होगा। यह रास्ता चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से पंचकूला के सेक्टर-15 से जुड़ेगा। इसके लिए जगह चिह्नित कर अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह अधिग्रहण चंडीगढ़ में ही होना है।
रायपुर कलां और मौलीजागरां के बीच से होते हुए रेलवे स्टेशन रोड से होगी कनेक्टिविटी
सेक्टर-15 पंचकूला से रायपुर कलां और मौलीजागरां के बीच से होते हुए यह रास्ता सीधे रेलवे स्टेशन के पास से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 चंडीगढ़ में रेलवे ओवरब्रिज के पास जुड़ेगा। रायपुर कलां गांव में सीटीयू वर्कशॉप के लिए चिह्नित जमीन के पास पहले से ही चौड़ी सड़क बनी है। ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए यूटी प्रशासन ने छोटे-छोटे कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी के तहत यह अतिरिक्त रास्ता बनेगा।
मध्य मार्ग पर घटेगा ट्रैफिक का बोझ
अभी तक पंचकूला और हिमाचल प्रदेश की तरफ से आने वाला अधिकतर ट्रैफिक मध्य मार्ग से ही चंडीगढ़ में प्रवेश करता है। वहीं जीरकपुर का ट्रैफिक दक्षिण मार्ग से एंट्री करता है। इस नए रास्ते से मध्य मार्ग का ट्रैफिक कम होगा। पंचकूला के ट्रैफिक को मध्य मार्ग पर नहीं आना होगा। पंचकूला के सेक्टर-15, 16, 17, 18, 11, 12, 6, 5, 3 सहित सभी प्रमुख सेक्टरों का ट्रैफिक रायपुर कलां और मौलीजागरां के बीच बनने वाले नए रास्ते से निकल सकेगा। यह वाहन दक्षिण और मध्य मार्ग पर जाए बिना सीधे इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से सेक्टर-28 और 27 के डिवाइडिंग रोड से चंडीगढ़ में दाखिल हो सकेंगे।
जीरकपुर का यातायात भी होगा सुगम
जीरकपुर का ट्रैफिक भी नए मार्ग से कुछ कम होगा। जीरकपुर का ट्रैफिक बलटाना से होते हुए रायपुरकलां पहुंचेगा। यहां से नए रास्ते से चंडीगढ़ पहुंचा जा सकेगा। मनीमाजरा का रोड अंडर ब्रिज बनने के बाद फन रिपब्लिक के पास से ट्रैफिक सेक्टर-26 स्थित सेंट कबीर स्कूल के पास निकल सकेगा।
मोहाली से जुड़े मार्ग होंगे वन-वे
मोहाली की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को भी सॉफ्ट सल्यूशंस के जरिए मैनेज किया जाएगा। मोहाली से चंडीगढ़ में नौ रास्ते आते हैं। इनमें से कई रास्तों को पीक आवर्स में वन-वे किया जाएगा। इसकी शुरुआत सेक्टर-15-16, 23-24 के डिवाइडिंग रोड को वन-वे करने से की जा रही है। इसके अलावा जनमार्ग पर भी मोहाली के ट्रैफिक का काफी फ्लो रहता है। इसके सेक्टर-23 के पास स्ट्रेच को पीक आवर्स में बंद किया जा रहा है। इससे दोनों तरफ ट्रैफिक निर्बाध चले। इसी तरह से कई अन्य मार्गों की पहचान की जा रही है। इन मार्गों को भी पीक ऑवर्स में वन-वे किया जाएगा।