चंडीगढ़ में मकान का ताला तोड़ लाखों के गहने और 26 हजार कैश चोरी करने वाले 3 चोर गिरफ्तार, बना रखा था गुप्त अड्डा
चंडीगढ़ में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की ज्वेलरी और 26 हजार कैश चोरी करने वाले तीन चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दो दिन पहले चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 रामदरबार में घर से चोरी की घटना हुई थी। चोरों ने बंद मकान को अपना निशाना बनाया था। मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने और 26 हजार नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। पुलिस ने चोरी करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान रामदरबार निवासी 21 वर्षीय नितिश उर्फ नोनू, 22 वर्षीय रोहित उर्फ गुल्ली और 23 वर्षीय विशाल उर्फ बिल्ला के तौर पर हुई हैं। तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
16 जनवरी को रामदरबार निवासी मोहित कुमार ने सेक्टर-31 थाना पुलिस को घर में चोरी होने की शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि घर का ताला तोड़कर चोर दो सोने की रिंग, चार सोने के नोजपिन, चार इयररिंग, एक चांदी की नेकलेस, आठ चांदी के कंगन, दो चांदी के रिंग, मोबाइल फोन सहित 26 हजार कैश चोरी कर फरार हुए हैं। इसके बाद चोरों को पकड़ने के लि एएसपी श्रुति अरोड़ा के सुपरविजन में सेक्टर-31 थाना प्रभारी रंजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाई।
थाना एसएचओ को चोरों के बारे में मिली जानकारी के बाद थ्री-बीआरडी के पास एसआइ अख्तर हुसैन के साथ कांस्टेबल अजय देव और कांस्टेबल सुशील कुमार नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान नितिश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस की टीम ने अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सामान भी बरामद कर लिया है।
चोरों ने बना रखा था गुप्त अड्डा, जहां छुपाते थे चोरी का सामान
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद चोरी किए गए सामान के बारे में पूछताछ की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपितों ने एक गुप्त अड्डा बनाया हुआ था, जहां चोरी किए गए सामान को जमा करते थे। वहीं, पुलिस ने उनके गुप्त अड्डे की जांच की तो वहां से चोरी किए सामान के अलावा कई जगह से चुराई हुई चीजें मिली हैं। अब पुलिस शहर में हुई दूसरी चोरी की वारदातों को सुलझाने में लगी है।